राजनांदगांव। आगामी 14 अप्रैल को साईं दर्शन नगर, राजनांदगांव स्थित साईं बाबा मंदिर का दसवां स्थापना दिवस को भव्य रूप से मनाने की तैयारी चल रही। साईं बाबा मंदिर के ट्रस्टियों ने बताया कि स्थापना दिवस को साईं महोत्सव के रूप में बड़े ही हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा, जिसमें प्रातः 5.30 बजे साईं बाबा की काकड़ आरती के साथ महोत्सव का शुभारंभ होगा। तत्पश्चात प्रातः 7 बजे साईं बाबा की अभिषेक पूजा होगी। दोपहर 12.30 बजे साईं बाबा की मध्यान्ह आरती होगी। आरती पश्चात दोपहर 1 बजे से 4 बजे तक साईं प्रसाद (भंडारा) होगा। संध्या 5 बजे साईं बाबा की पालकी, साईं मंदिर स्थित द्वारिकमाई से बड़े ही धूमधाम से निकाली जायगी, जो साईं दर्शन नगर, लक्ष्मी नगर, जीवन कालोनी होते हुये वापस साईं मंदिर आएगी। संध्या 7.30 बजे साईं बाबा की धूप आरती होगी और संध्या 7.30 से साईं बाबा का विशाल भंडारा होगा, जिसमें हजारों साईं भक्त साईं प्रसाद ग्रहण करेंगे। रात्रि 8 बजे से श्री हरि सत्संग भजन मंडली द्वारा साईं भजन संध्या होगी। श्री साईं बाबा मंदिर समिति के सदस्यों ने अधिक से अधिक लोगों से आने की अपील की है।

