आपसी सामंजस्य और संगठित होकर जीतेंगे चुनाव : नम्रता सिंह

अपने दोस्तों को शेयर करें :

मोहला। भारतीय जनता पार्टी जिला मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी के जिलाध्यक्ष नम्रता सिंह के नेतृत्व में बुधवार को प्रेस वार्ता आयोजित कर नगरीय निकाय व त्रि-स्तरीय पंचायत चुनाव को लेकर बयान जारी किया।
जिलाध्यक्ष ने कहा कि यह चुनाव उस विश्वास को जनादेश में बदलने के लिए हैं, जो विश्वास हमने अपने पिछले एक वर्ष के कार्यकाल में हासिल किया है। हमने पिछले महीने ही जनादेश परब में विश्वास का एक वर्ष पूर्ण किया है। श्रीमती सिंह ने कहा कि हमारी सरकार ने नगरीय निकाय और पंचायत दोनों का आम चुनाव एक साथ कराने का निर्णय लिया है। ऐसा कर हम यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वन नेशन-वन एलेक्शन की ओर एक निर्णायक कदम बढ़ा चुके हैं। पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि इस वर्ष को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व वाली प्रदेश सरकार ने अटल निर्माण वर्ष घोषित किया है। यह वर्ष प्रदेश निर्माता अटल जी का जन्म शताब्दी वर्ष भी है। निःसंदेह अटल निर्माण वर्ष में हमारी सरकार अधोसंरचना के क्षेत्र में अधिकाधिक कार्य करेगी और इसका सबसे बड़ा लाभ हमारे नगरीय निकायों को मिलेगा। भाजपा ने अपने मंत्र हमने बनाया है-हम ही सँवारेंगे के साथ राज्य में विकास का नया अध्याय लिखा है।
इस दौरान भाजपाइयों ने कांग्रेस पार्टी को भी आड़े हाथों लिया पूर्व जिलाध्यक्ष और नगर पंचायत चुनाव प्रभारी मदन साहू ने कहा कि हमारे पास बताने को मोदी की गारंटी है, जिसे हमने पूरा किया। कांग्रेस बताए कि वह जनता के बीच किस विषय को लेकर जाएगी, क्योंकि 1 वर्ष पूर्व ही जनता ने उन्हें सत्ता से बेदखल किया है। अप्रैल में जनता ने पुनः श्री मोदी व साय की सरकार के कामों पर विश्वास जताते हुए 11 में से 10 सीट दी। नवंबर में उपचुनाव में छत्तीसगढ़ की जनता ने भाजपा को 46 हजार से अधिक मतों से जिताया। जितने मतों से भाजपा ने विजय प्राप्त की उतने कुल मत कांग्रेस को नहीं मिले। कांग्रेस की स्थानीय सरकारों की विफलता से परेशान जनता निकायों में भी हमें सेवा का अवसर देगी, इसमें कोई संदेह की गुंजाइश नहीं है। इस दौरान जिला राजू टांडिया, उमाकांत टांडिया, लखन कलामे, प्रकाश मिश्रा सहित जिला भाजपा के पदाधिकारी, कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

अपने दोस्तों को शेयर करें :
error: Content is protected !!