राजनांदगांव। डोंगरगढ़ विकासखंड के पचास से ज्यादा गांवों में केन्द्र सरकार की जल जीवन मिशन योजना का हाल बेहाल है, कहीं पर काम अधूरा तो कहीं पर काम बंद पड़ा है। ग्रामीणों में आक्रोश भरा पड़ा है, ठेकेदारों को लेकर ग्रामीण बहुत परेशान हैं। ठेकेदार अपनी मनमर्जी से काम को कर रहे हैं जबकि किसी भी काम को करने का एक टाईम लिमिट होता है, जिसको ध्यान में रखते हुये ठेकेदारों द्वारा काम किया जाता है लेकिन नियमं की धज्जियां उड़ाई जा रही है और यह सब प्रशासन के सामने हो रहा है फिर भी प्रशासन मौन है, ये समझ से परे है।
शासन द्वारा इस योजना को ग्रामीणों तक पहुंचाने का उद्देष्य हर गांव में पानी को पहुंचाना था लेकिन वह उद्देश्य तो पूरा हुआ ही नहीं बल्कि लोग परेशान ही हुये, डोंगरगढ़ विकासखंड की ग्राम पंचायत सलोनी, ढ़ारा, पुरैना, बिल्हरी, खुर्सीपार, खैरा, रूआतला, मुसरा, कातलवाही सहित दर्जनों पंचायतों में केन्द्र सरकार की जल जीवन मिशन योजना कमजोर नजर आ रही है।
एक ही ठेकेदार द्वारा कई जगह काम करना
ग्रामीणों ने बताया कि जल जीवन मिशन योजना के कार्य में लेटलतीफी का एक कारण ठेकेदार का कई जगह काम करना भी है, जिसके कारण वे तय समय में कार्य पूरा नहीं कर पा रहे है तथा कई जगहों पर तो काम शुरू भी नहीं हुआ है। ऐसे में जनता का विश्वास इस योजना से उठ गया है, उन्हें ऐसा लग रहा है कि शासन द्वारा इस योजना को कुछ लोगों की जेब भरने के लिये ही लाया गया है, इसलिये योजना के कार्यों की अनियमितताओं के बाद भी प्रशासन का इस ओर कोई ध्यान नहीं है। यह लोगों के मन में सवाल उत्पन्न करता है। पानी पहुंचा नहीं, परेशानी बढ़ गई इस योजना के माध्यम से हर गांव, हर घर तक पानी पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया था लेकिन वह तो पूरा हुआ नहीं। उसके बदले लोगों की समस्या और बढ़ गई क्योंकि हर गांव में जहां पानी टंकी बनाई गई वहां से पूरे गांव में नल के कनेक्शन पहुंचाने थे उसके लिए एजेंसी द्वारा सड़क को खोदा गया और पाईप बिछाया,गया लेकिन काम होने के बाद सड़क की मरम्मत भी नहीं कराई जिससे वर्तमान में गांवों में सड़कों का हाल बेहाल है। ग्रामीणों का चलना भी मुश्किल हो गया है। पानी भी पाईप में पहुंचा नहीं है ऐसे में यह योजना पूर्ण रूप से असफल नजर आ रही है। ठेकेदार अपना लाभ कमाकर काम को अधर में ही छोड़ रहे हैं जिससे ग्रामीण ही परेशान हो रहे हैं और पानी की एक-एक बूंद को तरस रहे हैं।
अन्य सभी विकासखंड में हैं समस्याएं
जल जीवन मिशन की समस्या केवल डोंगरगढ़ विकासखंड में ही नहीं, बल्कि अन्य विकासखंडों में भी है। हर तरफ इस योजना का गोलमाल चल रहा है। ठेकेदारों की मनमानी के कारण हर विकासखंड की पंचायतें परेशान हैं इसलिए कठोर कार्यवाही की जरूरत है, तभी कार्य पूरी ईमानदारी से पूरा किया जा सकता है।
समस्या के लिए कौन जिम्मेदार बता रहे संरपच-सचिव
मटेरियल गिराये सात माह हो गया है अब तक काम चालू नहीं हुआ है, ठेकेदार की लापरवाही के कारण काम रूका है।
गिरधारी लाल, सचिव पुरैना
पानी टंकी का काम अभी भी पूरा नहीं हुआ है, पाईप लाईन आधी बिछी है।
कीर्तन वाल्दे, सचिव बिल्हरी
जल जीवन मिशन के अन्तर्गत काम का हाल बेहाल है, गांव में पाईप बिछाने के लिए सीसी रोड खोदी गयी लेकिन बाद में उसकी मरम्मत नहीं की गई जिससे गांव में कीचड़ भरी रहती है।
मोरध्वज वर्मा, संरपच खैरा
पानी की टंकी का काम अधूरा है, ठेकेदार द्वारा ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
रमेश वर्मा, सचिव गातापार
पाईप लाईन का काम अधूरा किया गया है, पूरे गांव में पानी पहुंचाना था लेकिन पानी की बूंद बूंद के लिये ग्रामीण तरस रहे है, ठेकेदार द्वारा काम में लापरवाही की जा रही है।
- पारस वर्मा, संरपच खुर्सीपार गांव में पानी टंकी बनाकर रख दी है। पाइप लाईन भी आधी अधूरी बिछी है, ठेकेदार की लापरवाही के कारण गांव में पानी नहीं आ रहा है।
हमारे गांव में पाईप लाईन बिछाने सड़क
खोदी गयी, लेकिन बाद में उसकी मरम्मत नहीं कराई जिससे गांव में कीचड़ रहती है। चलने के लिए भी जगह नहीं है, पाईप लाईन आधी भूधरी बिछाई गई है।
घनश्याम सिन्हा, संरपच मुढ़ीपार
मेरे गांव में पानी की टंकी बनी है किन्तु, पाईप लाईन बिछाने में ठेकेदार नाकामयाब रहा है और पानी की समस्या है।
- लेखराम वर्मा, संरपच सलोनी पानी की टंकी तो बन गई है लेकिन पानी नजर नहीं आ रहा है, पाईप लाईन भी अधूरी बिछी है।
- विष्णुराम भगत, सचिव घोटिया
हमारे यहां तो अभी काम चालू हुआ है, लेकिन थोड़ा धीरे चल रहा है पता नहीं कब पूरा होगा।
- बिरेन्द्र मंडावी, संरपच तोतलभरी

