राजनांदगांव। कलेक्टर श्री जितेन्द्र यादव की अध्यक्षता में कलेक्टोरेट सभाकक्ष में “सुरक्षित इंटरनेट दिवस” का आयोजन किया गया। इस अवसर पर नागरिकों को इंटरनेट के सुरक्षित उपयोग, इसके लाभ और संभावित खतरों के बारे में जागरूक किया गया।
हर साल फरवरी माह के दूसरे मंगलवार को अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर सुरक्षित इंटरनेट दिवस मनाया जाता है, और इस दिन का उद्देश्य इंटरनेट के सुरक्षित उपयोग को बढ़ावा देना है। कलेक्टर श्री यादव ने कहा कि इंटरनेट का सही तरीके से इस्तेमाल जीवन को आसान बना सकता है, लेकिन इसके उपयोग में सतर्कता जरूरी है, ताकि लोग ऑनलाइन धोखाधड़ी से बच सकें।
इस कार्यक्रम में इंटरनेट और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के सुरक्षित एवं जिम्मेदार उपयोग के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। प्रजेंटेशन के माध्यम से डिजिटल पेमेंट, ई-शॉपिंग, ई-लर्निंग और सोशल मीडिया के माध्यम से होने वाले स्कैम्स से बचने के उपाय बताए गए। खास तौर पर नागरिकों को अनजान व्यक्ति से ओटीपी साझा न करने की सलाह दी गई और यह बताया गया कि “डिजिटल अरेस्ट” जैसी कोई चीज नहीं होती है।
कार्यक्रम में बताया गया कि वर्तमान में ओटीपी स्कैम, यूपीआई स्कैम, फिशिंग, नकली एसएमएस और अज्ञात एपीके फाइल्स के माध्यम से व्यापक पैमाने पर ठगी की जा रही है। इस ठगी से बचने के लिए, नागरिकों को अनजान व्यक्तियों से कोई भी संवेदनशील जानकारी साझा करने से बचने की सलाह दी गई।
इस अवसर पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत सुश्री सुरूचि सिंह, अपर कलेक्टर श्री सीएल मारकण्डेय, नगर निगम आयुक्त श्री अतुल विश्वकर्मा, एसडीएम डोंगरगढ़ श्री एम भार्गव, एसडीएम डोंगरगांव श्री श्रीकांत कोराम और अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

