डोंगरगढ़। गांजा परिवहन और बिक्री के मामले में फरार अन्य आरोपियों की तलाश के दौरान डोंगरगढ़ पुलिस को सफलता मिली है। पुलिस ने प्रकरण में शामिल दूसरे आरोपी दिगंबर ठाकुर (26), निवासी रामपुर, थाना लालबाग को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से 1.050 किलोग्राम गांजा और एक ज्यूपिटर स्कूटी जब्त की गई है। जब्त सामग्री की कुल कीमत 1 लाख 2 हजार रुपए बताई गई है। आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(ख) के तहत कार्रवाई कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, 24 नवंबर को मुखबिर की सूचना पर मोचीपारा में राधेलाल मालाकार के घर के पास घेराबंदी कर पालेेश्वर सेन (21), निवासी रामाटोला, डोंगरगढ़ को पकड़ा गया था। उसके कब्जे से 390 ग्राम गांजा, जिसकी कीमत 19,500 रुपए और स्कूटी क्रमांक सीजी 08 एटी 2189, कीमत 40 हजार रुपए, जब्त की गई थी। इस मामले में अपराध क्रमांक 693/2026, धारा 20(ख) एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई कर उसे 25 नवंबर को जेल भेजा गया था।
मामले की विवेचना के दौरान पुलिस ने दिगंबर ठाकुर का पता लगाकर उसे हिरासत में लिया। पूछताछ में पालेेश्वर सेन को गांजा बिक्री के लिए देने की बात सामने आने पर पुलिस ने उसके खिलाफ कार्रवाई की। आरोपी की ज्यूपिटर स्कूटी क्रमांक सीजी 08 बीजे 2938 की डिक्की से 1.050 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया, जिसकी कीमत 52 हजार रुपए बताई गई है। इसके अलावा 50 हजार रुपए कीमत की स्कूटी भी जब्त की गई।
पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन और एसडीओपी डोंगरगढ़ केशरी नंदन नायक के पर्यवेक्षण में अवैध गतिविधियों के विरुद्ध कार्रवाई की जा रही है। थाना प्रभारी निरीक्षक रामेश्वर प्रसाद देशमुख के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी को गिरफ्तार किया।
कार्रवाई में निरीक्षक रामेश्वर प्रसाद देशमुख, प्रशिक्षु उप निरीक्षक महेश मंडावी, आरक्षक अविलेश साहू, मिथलेश पटेल, इंद्रभान और रामखिलाव सिन्हा का योगदान रहा। पुलिस ने अवैध गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध आगे भी कार्रवाई जारी रखने की बात कही है।





