सुरक्षित मातृत्व व शिशु जीवन रक्षा के लिए स्वास्थ्य अमला रहे सजग : कलेक्टर

अपने दोस्तों को शेयर करें :

राजनांदगांव। गर्भवती माताओं और नवजात शिशुओं की जीवन रक्षा स्वास्थ्य विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी लाने के लिए स्वास्थ्य अमला संवेदनशीलता, सजगता और जिम्मेदारी के साथ काम करे। यह निर्देश कलेक्टर जितेंद्र यादव ने गुरुवार को कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आयोजित जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में स्वास्थ्य योजनाओं व कार्यक्रमों की समीक्षा करते हुए दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी और उदासीनता बरतने वाले चिकित्सकों, अधिकारियों व कर्मचारियों पर कार्रवाई की जाएगी।

कलेक्टर ने उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं की विशेष देखभाल करने के निर्देश देते हुए कहा कि समय पर स्क्रीनिंग कर उनका चिन्हांकन किया जाए तथा नियमित जांच, सोनोग्राफी, दवाइयां और उपचार सुनिश्चित हो। मोबाइल के जरिए प्रतिदिन उनके स्वास्थ्य की जानकारी लेने और जरूरत पड़ने पर तत्काल अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था करने को कहा गया। बैठक में बताया गया कि जिले में अप्रैल से अक्टूबर 2026 तक 9488 गर्भवती महिलाओं का पंजीयन हुआ है, जिनमें 2420 उच्च जोखिम वाली महिलाएं चिन्हांकित हैं और 8996 की चार प्रसव पूर्व जांच पूरी की गई है। मितानिनों के माध्यम से नियमित जांच व काउंसलिंग कराने तथा चालू वित्तीय वर्ष में दर्ज 5 मातृ मृत्यु व अप्रैल-अक्टूबर के बीच 83 शिशु मृत्यु के कारणों का गंभीर विश्लेषण कर सुधारात्मक कदम उठाने के निर्देश दिए गए। निजी नर्सिंग होम व अस्पतालों के नियमित निरीक्षण और वहां होने वाली मौतों की जांच करने को भी कहा गया।

एचपीवी टीकाकरण में 88.20 प्रतिशत उपलब्धि
कलेक्टर ने एचपीवी टीकाकरण अभियान में तेजी लाने के निर्देश दिए। बताया गया कि 10577 किशोरी बालिकाओं के लक्ष्य के विरुद्ध 24 नवंबर तक 9329 बालिकाओं का टीकाकरण (88.20 प्रतिशत) किया जा चुका है। उन्होंने चिरायु योजना के तहत चिन्हांकित बच्चों के समय पर उपचार व फॉलोअप, पोषण पुनर्वास केंद्रों में बेहतर सुविधा, निर्माणाधीन स्वास्थ्य केंद्रों का काम शीघ्र पूरा करने और अस्पतालों में साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने को कहा। बैठक में जिला पंचायत सीईओ दुर्गा प्रसाद अधिकारी, संयुक्त कलेक्टर शीतल बंसल, सीएमएचओ डॉ. नेतराम नवरतन, सिविल सर्जन डॉ. महेंद्र प्रसाद सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

अपने दोस्तों को शेयर करें :
error: Content is protected !!