राजनांदगांव। ऑनलाइन गेमिंग की लत में करीब 10 लाख रुपये का कर्ज चुकाने के लिए सूने मकान का ताला तोड़कर लाखों के सोने-चांदी के जेवरात चोरी करने वाले दो आरोपियों को साइबर सेल और मोहारा पुलिस चौकी की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी के जेवरात, रायपुर से चोरी किए गए आभूषण और वारदात में प्रयुक्त कार सहित कुल 15 लाख 50 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की है।
पुलिस के अनुसार, ग्राम ठाकुरटोला निवासी प्रार्थी दीपक वर्मा ने मोहारा चौकी में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 25 अगस्त 2026 की सुबह करीब 9 बजे परिवार के साथ खेत गए थे। दोपहर एक बजे लौटने पर घर का ताला टूटा मिला और आलमारी से सोने-चांदी के जेवरात चोरी हो गए थे। इस पर अपराध क्रमांक 483/2026 और धारा 331, 305 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
एसपी अंकिता शर्मा के निर्देशन, एएसपी कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन और एसडीओपी डोंगरगढ़ केसरी नंदन नायक के पर्यवेक्षण में बनी संयुक्त टीम ने जांच के दौरान ग्राम ठाकुरटोला निवासी सुरेन्द्र साहू (36) और गणेश्वर नेताम उर्फ राजू नेताम (25) को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ व मेमोरण्डम कथन में खुलासा हुआ कि सुरेन्द्र साहू को ऑनलाइन गेमिंग में करीब 10 लाख रुपये का कर्ज हो गया था, जिसे चुकाने के लिए उसने साथी गणेश्वर नेताम के साथ मिलकर चोरी की योजना बनाई।
रेकी कर दिया वारदात को अंजाम
आरोपियों ने करीब तीन माह पहले घर की रेकी की थी। वारदात के दिन सुबह 4 बजे दोनों घर के पास पहुंचे। गणेश्वर नेताम ट्रैक्टर की ट्रॉली के सहारे छत पर छिप गया और सुरेन्द्र साहू निगरानी करता रहा। सुबह 9 बजे परिवार के खेत जाने के बाद मोबाइल पर सूचना मिलते ही गणेश्वर ने लोहे की रॉड से ताला तोड़कर गोदरेज आलमारी से सोने का नेकलेस, मंगलसूत्र, अंगूठी, चांदी का करधन और पैरपट्टी पार कर दी। इसके बाद दोनों कार (क्रमांक CG 04 NZ 3480) से रायपुर चले गए और इन्द्रप्रस्थ कॉलोनी में किराये के मकान में रहने लगे।
आरोपी सुरेन्द्र साहू ने यह भी स्वीकार किया कि उसने परिचित हेमंत साहू के रायपुर स्थित अरिहंत नगर के मकान से घरेलू कामकाज के दौरान एक जोड़ी सोने के टॉप्स व झुमके चुराकर डोंगरगढ़ में गिरवी रखे थे। पुलिस ने ठाकुरटोला चोरी के 8.50 लाख रुपये के जेवरात, 5 लाख रुपये की कार और अरिहंत नगर चोरी के 2 लाख रुपये के जेवरात सहित कुल 15.50 लाख रुपये की संपत्ति जब्त कर अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी है। इस कार्रवाई में साइबर थाना प्रभारी विनय पम्मार, चौकी प्रभारी सुनील कुमार सिंह सहित संयुक्त टीम के अधिकारी-कर्मचारियों की सराहनीय भूमिका रही।





