राजनांदगांव। थाना लालबाग क्षेत्र के ग्राम राजा भानपुरी में आपसी रंजिश को लेकर विवाद करने और पूर्व में दर्ज रिपोर्ट वापस लेने के लिए दबाव बनाने वाले दो भाइयों के विरुद्ध पुलिस ने प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर अनुविभागीय दंडाधिकारी राजनांदगांव के समक्ष पेश किया।
पुलिस के अनुसार, 23 नवंबर 2026 को ग्राम राजा भानपुरी में तरुण कुमार साहू (26 वर्ष) और मुकेश साहू (32 वर्ष), दोनों पिता हुकुमचंद साहू, निवासी ग्राम राजा भानपुरी, थाना लालबाग, एक प्रार्थी पर अपने विरुद्ध थाने में दर्ज रिपोर्ट वापस लेने का दबाव बना रहे थे। इस दौरान उन्होंने गाली-गलौज करते हुए विवाद भी किया। मौके पर मौजूद लोगों और पुलिस टीम ने दोनों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे नहीं माने।
स्थिति को देखते हुए संज्ञेय अपराध की आशंका और उसे रोकने के लिए पुलिस ने दोनों के विरुद्ध धारा 170/126, 135(3) बीएनएसएस के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की। इसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर अनुविभागीय दंडाधिकारी राजनांदगांव के समक्ष पेश किया गया। पुलिस के मुताबिक, दोनों के विरुद्ध पूर्व में भी थाना लालबाग में मारपीट का मामला दर्ज हो चुका है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर एवं नगर पुलिस अधीक्षक आदित्य कुमार (भापुसे) के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी लालबाग निरीक्षक सुरेश कुमार जांगड़े के नेतृत्व में की गई।





