राजनांदगांव। मेडिकल कॉलेज अस्पताल में कार्यरत एंबुलेंस चालक से शराब पीने के लिए पैसे मांगने और पैसे नहीं देने पर मारपीट करने के मामले में लालबाग पुलिस ने दो और आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। इस प्रकरण में पुलिस पूर्व में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
पुलिस के अनुसार, घटना 13 नवंबर 2026 की है। मेडिकल कॉलेज अस्पताल में एंबुलेंस चालक के रूप में कार्यरत रोशन साहू से दोपहर करीब 12 बजे कुछ आरोपियों ने शराब पीने के लिए पैसे मांगे। पैसे देने से मना करने पर आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए हाथ-मुक्कों से मारपीट की। इसके बाद आरोपी तरुण साहू और उसके साथी रोशन को स्कूटी से मोहारा नदी के पास ले गए। वहां गजेंद्र साहू भी पहुंच गया। चारों ने मिलकर रोशन को जबरदस्ती शराब पिलाई, उसका मोबाइल नदी में फेंक दिया और हाथ-मुक्कों तथा डंडे से मारपीट की। बाद में उसे उसकी नानी के घर छोड़ दिया गया।
पीड़ित की रिपोर्ट पर थाना लालबाग में आरोपियों के विरुद्ध धारा 296, 115(2), 351(2), 119(1) एवं 3(5) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। मामले में पुलिस ने पहले ही 15 नवंबर को तरुण साहू और गजेंद्र साहू को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।
पुलिस ने प्रकरण के शेष दो आरोपियों तुषार मण्डावी (19 वर्ष), पिता संतोष मण्डावी और जतिन यादव उर्फ जीतू (20 वर्ष), पिता देवेंद्र यादव, दोनों निवासी राहुल नगर लखोली वार्ड क्रमांक 32, थाना कोतवाली, राजनांदगांव को गिरफ्तार किया। दोनों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां के आदेश पर उन्हें जेल भेज दिया गया।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर एवं नगर पुलिस अधीक्षक आदित्य कुमार (भापुसे) के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी लालबाग निरीक्षक सुरेश कुमार जांगड़े के नेतृत्व में की गई। कार्रवाई में निरीक्षक सुरेश कुमार जांगड़े, प्रशिक्षु उप निरीक्षक कन्हैया लाल साहू और आरक्षक लेखराम वर्मा की सराहनीय भूमिका रही।





