दान की जमीन पर कब्जा और व्यावसायिक दोहन के आरोप, कलेक्टर को ज्ञापन सौंपेगा मसीह समाज

अपने दोस्तों को शेयर करें :

राजनादगांव। राजा साहब द्वारा मसीह समाज के उत्थान और जरूरतमंदों की सेवा के लिए दान में दी गई बेशकीमती जमीन के व्यावसायिक दोहन और निजी संपत्ति बनाने का एक बड़ा मामला सामने आया है। क्रिश्चियन वेलफेयर सोसायटी के जिला अध्यक्ष क्रिस्टोफर पॉल ने गंभीर आरोप लगाते हुए ऐलान किया है कि समाज की संपत्तियों पर कब्जा कर चंद लोगों द्वारा करोड़ों की संपत्ति अर्जित करने और बाहरी संस्थाओं को जमीन हस्तांतरित करने के मामलों की उच्चस्तरीय जांच के लिए अब कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा जाएगा। इस पूरे गंभीर मामले की रूपरेखा तैयार करने और आगे की रणनीति पर चर्चा के लिए कल दिनांक 18 नवंबर 2026 को सुबह 11 बजे गौरी नगर, गली नंबर 02 में समाज की एक अहम बैठक बुलाई गई है।

राजा साहब की दान दी गई जमीन पर चंद लोगों का कब्जा गंभीर आरोप

क्रिस्टोफर पॉल ने खुलासे में बताया कि राजनांदगांव रियासत के राजा साहब द्वारा मसीह समाज को शहर में कई जगहों पर निःशुल्क भूमि दी गई थी। यह जमीन किसी व्यक्ति विशेष की नहीं, बल्कि संपूर्ण मसीह समाज की सामाजिक संपत्ति थी। आरोप है कि इस भूमि पर कुछ मुट्ठी भर लोगों ने कब्जा कर इसे अपनी बपौती मान लिया और इसका व्यक्तिगत उपयोग कर अथाह धन-दौलत अर्जित कर ली।
स्थिति यह है कि कभी जिनके पास साइकिल तक चलाने के साधन नहीं थे, वे आज आलीशान बंगलों में रह रहे हैं, बड़ी-बड़ी गाड़ियों में घूम रहे हैं और उनके बच्चे विदेशों में उच्च शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं, जबकि आम मसीह समाज इन सुविधाओं से कोसों दूर है।

स्कूलों-अस्पतालों के नाम पर व्यवसाय, अपनों को ही ठगा

दावा किया गया है कि राजा साहब द्वारा मसीह समाज के नाम पर फोकट में लंबी-चौड़ी जमीनें दी गईं, जिन पर आज स्कूल और अस्पताल खोलकर बड़े पैमाने पर व्यावसायिक गतिविधियां चलाई जा रही हैं। विडंबना यह है कि इन संस्थानों में मसीह समाज के किसी भी गरीब बच्चे को निःशुल्क शिक्षा नहीं दी गई, बल्कि आम बच्चों की तरह ही उनसे भी मोटी फीस वसूली जाती रही है।

कोढ़ियों के नाम पर मिली 23 एकड़ जमीन का भी हुआ सौदा

खुलासे में सबसे संवेदनशील मुद्दा कोढ़ियों (कुष्ठ रोगियों) के नाम पर दी गई जमीन का उठाया गया है। राजा साहब ने कुष्ठ रोगियों के कल्याण के लिए करीब 23 एकड़ भूमि दान दी थी, लेकिन उस पर भी कुछ लोगों ने कब्जा कर व्यावसायिक गतिविधियां शुरू कर दीं। आरोप है कि इस जमीन का मुरूम बेचा गया, पेड़ काटे गए, दूध और धान का व्यापार किया गया तथा जमीन को किराए पर उठा दिया गया।
कुष्ठ रोगियों के नाम पर विदेशों से करोड़ों रुपए का फंड आया, लेकिन आज तक आशा नगर में उन पीड़ितों के लिए एक ढंग का चर्च तक नहीं बन सका। उनके पास ढंग का कब्रिस्तान और बच्चों के लिए अपना स्कूल तक नहीं है, जबकि इस नाम पर कई लोग करोड़पति जरूर बन गए।

बाहरी संस्थाओं को जमीन हस्तांतरित करने का अंदेशा

मामले में सबसे चौंकाने वाला पहलू यह सामने आ रहा है कि मसीह समाज की कुछ संपत्तियों और जमीनों को कथित तौर पर किसी बाहरी संस्था (जो न तो जिले में है और न ही प्रदेश में) के नाम पर हस्तांतरित किया जा रहा है। जबकि राजा साहब ने यह पूरी जमीन राजनांदगांव के स्थानीय मसीह समाज के विकास और उत्थान के लिए दी थी।
18 नवंबर को गौरी नगर में होगी निर्णायक बैठक

इन तमाम गंभीर अनियमितताओं, अवैध कब्जों और संपत्तियों के हस्तांतरण के खिलाफ अब समाज मुखर हो गया है। क्रिश्चियन वेलफेयर सोसायटी ने फैसला किया है कि इन सभी मामलों की निष्पक्ष जांच कराई जाए और अवैध रूप से करोड़ों की संपत्ति बनाने वालों की जांच की मांग को लेकर जिला कलेक्टर से मुलाकात की जाएगी।

इसी सिलसिले में कल 18 नवंबर 2026 को प्रातः 11 बजे गौरी नगर, गली नंबर 02 स्थित स्थल पर एक विशेष बैठक बुलाई गई है, जिसमें समाज के सभी प्रबुद्धजनों और नागरिकों से अपने बहुमूल्य विचार रखने और आगे की लड़ाई में शामिल होने की अपील की गई है।

अपने दोस्तों को शेयर करें :
error: Content is protected !!