डोंगरगढ़ में नौकरी का झांसा देकर महिला से दुष्कर्म और ब्लैकमेल करने वाला आरोपी गिरफ्तार

अपने दोस्तों को शेयर करें :

डोंगरगढ़। राजनांदगांव जिले के डोंगरगढ़ थाना क्षेत्र से एक बेहद गंभीर और सनसनीखेज मामला सामने आया है। नौकरी लगवाने का झांसा देकर एक महिला के साथ जबरदस्ती दुष्कर्म करने, उसे नशीला पदार्थ देने, मारपीट करने और अश्लील फोटो-वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने वाले आरोपी को डोंगरगढ़ पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है।

क्या है पूरा मामला?
बीती 13 अक्टूबर 2026 को पीड़िता ने थाना डोंगरगढ़ में उपस्थित होकर एक लिखित आवेदन दर्ज कराया था। आवेदन में आरोप लगाया गया था कि आरोपी भारत भूषण मेश्राम (पिता हीरालाल मेश्राम, उम्र 52 वर्ष, निवासी थाना चौक, डोंगरगढ़) ने उसे नौकरी दिलाने का झांसा दिया। इसके बाद आरोपी ने उसके साथ जबरदस्ती शारीरिक संबंध बनाकर दुष्कर्म और यौन शोषण किया।

पीड़िता ने अपनी शिकायत में यह भी आरोप लगाया कि आरोपी ने उसे नशीला पदार्थ देकर यौन उत्पीड़न किया, उसके साथ मारपीट की, उसका पीछा किया और उसके अश्लील फोटो व वीडियो बनाकर उसे लगातार ब्लैकमेल किया। साथ ही, समाज में बदनाम करने और जान से मारने की धमकी देकर उस पर लगातार दबाव बनाया जा रहा था।

पुलिस ने दर्ज किया मामला और की त्वरित गिरफ्तारी
प्रार्थिया की शिकायत को बेहद गंभीरता से लेते हुए थाना डोंगरगढ़ में आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 609/2026, धारा 64(2)(m), 296, 351(3), 115(2) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई।

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के दिशा-निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन और एसडीओपी डोंगरगढ़ केशरी नंदन नायक के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी रामेश्वर प्रसाद देशमुख ने पुलिस टीम के साथ त्वरित सुरागरसी की। पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी भारत भूषण मेश्राम को हिरासत में लिया और कड़ाई से पूछताछ की। विवेचना के दौरान आरोपी के खिलाफ पर्याप्त सबूत मिलने पर पुलिस ने उसे विधिवत गिरफ्तार कर लिया और न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

अपने दोस्तों को शेयर करें :
error: Content is protected !!