राजनांदगांव। गत शनिवार, 31 जनवरी को स्थानीय शासकीय क्षेत्रीय मुद्रणालय में कार्यरत कर्मचारी की सेवानिवृत्ति पर साथियों ने भावभीनी बिदाई दी। छत्तीसगढ़ प्रदेश तृतीय वर्ग शासकीय कर्मचारी संघ के दुर्ग संभाग के अध्यक्ष व जिला शाखा इकाई के सचिव तथा विभागीय उप समिति के जिला संयोजक आनन्दकुमार श्रीवास्तव ने बताया कि 62 वर्ष की अपनी अधिवार्षिकी सेवा अवधि पूर्ण कर मुद्रणालय के वरिष्ठ पुस्तबंधक अरूण उपाध्याय सेवानिवृत्त हुए। प्रधान कार्यालय से मुद्रणालय में निरीक्षण हेतु प्रवास पर आए उच्चाधिकारी माननीय संचालक अरविंद कुमार एक्का ने सफलतापूर्वक अधिवार्षिकी सेवा अवधि पूर्ण कर सेवानिवृत्त हो रहे कर्मचारी के सुखमय भविष्य की कामना करते हुए अपनी शुभकामनाएं प्रदान कीं।
इस अवसर पर मुद्रणालय के समस्त कर्मचारी साथियों ने उनके सम्मान में आयोजित बिदाई कार्यक्रम में एकजुटता के साथ गुलाल से तिलक कर भावभीनी बिदाई दी। अधिदर्शक ईन्दरकुमार सिंह व मुख्य लिपिक श्रीमती अनिता राऊत के कर-कमलों से समस्त कर्मचारियों ने सेवानिवृत्त वरिष्ठ कर्मचारी का गुलाल से तिलकाभिषेक करते हुए पुष्पहार व पुष्पगुच्छ से स्वागत कर शाल व श्रीफल भेंट किया व यात्री बैग, स्टील की पानी टंकी, दीवार घड़ी, स्मृति चिह्न व मान पत्र प्रदान किया गया।
वक्ताओं ने अपने उद्बोधन में सेवानिवृत्त हो रहे कर्मचारी अरूण उपाध्याय के व्यक्तित्व और कृतित्व पर प्रकाश डाला तथा उनके भावी सुखद व सुदीर्घायु जीवन की कामना की। कार्यक्रम के अंत में स्वल्पाहार की व्यवस्था रखी गयी थीं। कार्यक्रम का संचालन कर रहे आनन्द कुमार श्रीवास्तव ने अंत में समस्त साथियों का आभार प्रदर्शन किया।

