डोंगरगढ़। श्रीकृष्ण गौशाला पिंजरापोल कमेटी द्वारा गोपाष्टमी का पर्व इस वर्ष भी श्रद्धा, उत्साह और भक्तिमय वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर आयोजित अन्नकूट महाप्रसादी में नगर सहित आसपास के क्षेत्रों से हजारों श्रद्धालु शामिल हुए। भगवान श्रीकृष्ण एवं गौमाता की पूजा-अर्चना के बाद मंदिर में विधिवत भोग अर्पित किया गया। इसके पश्चात श्रद्धालुओं को महाप्रसादी वितरित की गई। सुबह से ही मंदिर परिसर में भक्तों का पहुंचना शुरू हो गया था। दोपहर तक परिसर श्रद्धालुओं से भर गया। समिति के सदस्यों और सेवाभावी कार्यकर्ताओं ने व्यवस्थाएं संभालते हुए सभी को ससम्मान प्रसादी ग्रहण कराई।
समिति अध्यक्ष गोविंद चोपड़ा एवं मंत्री श्रेयस भैया ने बताया कि गौशाला में गोपाष्टमी पर अन्नकूट महाप्रसादी का आयोजन वर्षों से निरंतर किया जा रहा है। यह आयोजन केवल धार्मिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि डोंगरगढ़ की सामाजिक एकता, आपसी सद्भाव और सामूहिक सहयोग का प्रतीक बन चुका है। मारवाड़ी समाज के साथ नगर के सभी समाजों के प्रतिनिधि और नागरिक इसमें सक्रिय भागीदारी निभाते हैं। सभी के सहयोग से आयोजन को विशेष गरिमा मिलती है।
वरिष्ठजन सुनील तापड़िया, विजय चौरड़िया एवं सोनू नरेडी ने बताया कि श्रीकृष्ण गौशाला डोंगरगढ़ की ऐतिहासिक और आध्यात्मिक विरासत का महत्वपूर्ण प्रतीक है। इस स्थान का संबंध वर्षों पुरानी धार्मिक परंपराओं से जुड़ा है। पूर्वजों के समय से ही इसे ऋषि-मुनियों और संत-महात्माओं के समागम तथा तपस्या की पावन भूमि के रूप में जाना जाता रहा है। उन्होंने कहा कि इस गौरवशाली विरासत और परंपराओं से नई पीढ़ी को जोड़ना सभी का दायित्व है।
वरिष्ठ पदाधिकारी राजेश छाजेड़, गणेश नरेडी एवं राजेश भूत ने बताया कि गौशाला परिसर स्थित मंदिर में दक्षिणमुखी हनुमानजी और भगवान लक्ष्मीनारायण की प्राचीन प्रतिमाएं विराजित हैं। इनके प्रति नगर सहित दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं की गहरी आस्था है। मान्यता के अनुसार, मनोकामना पूर्ण होने पर श्रद्धालु अपनी श्रद्धा और सामर्थ्य के अनुसार विशेष पूजा-अर्चना एवं प्रसादी का आयोजन करवाते हैं।
प्रकाश अग्रवाल, रितेश अग्रवाल एवं गोपी दम्माणी ने बताया कि वे बचपन से ही गौशाला में आयोजित अन्नकूट महाप्रसादी में सहभागी बनते आ रहे हैं। समय के साथ आयोजन का स्वरूप व्यापक हुआ है, लेकिन इसकी मूल भावना सेवा, श्रद्धा और सामाजिक समरसता ही बनी हुई है। बच्चे, महिलाएं, युवा और बुजुर्ग सभी इसमें उत्साह से भाग लेते हैं। उन्होंने बताया कि जो श्रद्धालु अस्वस्थता या अन्य कारणों से मंदिर परिसर तक नहीं पहुंच पाते, उनके घर टिफिन के माध्यम से प्रसादी पहुंचाई जाती है, ताकि कोई भी महाप्रसादी से वंचित न रहे।
मनीष दरगड़ एवं विनय बंसल ने बताया कि गोपाष्टमी के दिन आयोजित होने वाले अन्नकूट कार्यक्रमों में गौशाला की महाप्रसादी का विशेष स्थान है। यहां श्रद्धालुओं को भोजन पूरी तरह निःशुल्क कराया जाता है। प्रसादी के बदले किसी प्रकार की राशि नहीं ली जाती। केवल टिफिन व्यवस्था के संचालन के लिए सहयोग राशि निर्धारित की जाती है, ताकि प्रसादी जरूरतमंद और असमर्थ श्रद्धालुओं तक भी पहुंचाई जा सके।
समिति के सदस्य मनमोहन अग्रवाल अस्वस्थता के कारण आयोजन में शामिल नहीं हो सके। समिति के सदस्यों ने उनके घर पहुंचकर प्रसादी उपलब्ध कराई। उन्होंने बताया कि इस विशाल आयोजन में अग्रवाल, ओसवाल एवं माहेश्वरी समाज सहित मारवाड़ी समाज और नगर के विभिन्न समाजों के नागरिकों का विशेष योगदान रहता है। अनेक सेवाभावी नागरिक भी स्वेच्छा और श्रद्धानुसार सहयोग करते हैं। सभी के सामूहिक प्रयासों से ही इतने बड़े आयोजन की व्यवस्थाएं सुचारू रूप से संचालित हो पाती हैं।
गोपाष्टमी भगवान श्रीकृष्ण और गौमाता के प्रति श्रद्धा एवं समर्पण का पर्व है। इसी भावना के साथ श्रीकृष्ण गौशाला द्वारा प्रतिवर्ष यह आयोजन किया जाता है। यहां विभिन्न समाजों के लोग बिना किसी भेदभाव के एक साथ बैठकर महाप्रसादी ग्रहण करते हैं। यह दृश्य सामाजिक समरसता, आपसी भाईचारे और सेवा भावना का संदेश देता है।
समिति ने आयोजन में प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग देने वाले सभी समाजों, दानदाताओं, श्रद्धालुओं, सेवाभावी कार्यकर्ताओं एवं नगरवासियों के प्रति आभार व्यक्त किया। साथ ही कहा कि आने वाले वर्षों में भी धार्मिक और सामाजिक सेवा कार्यों के माध्यम से इस ऐतिहासिक एवं आध्यात्मिक धरोहर को संरक्षित रखने तथा नई पीढ़ी को इससे जोड़ने का प्रयास जारी रहेगा।
उक्त जानकारी श्रीकृष्ण गौशाला पिंजरापोल कमेटी, डोंगरगढ़ की ओर से विवेक मोनू भंडारी ने दी।





