राजनांदगांव। खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू हो गई है। पहले दिन जिले के 118 उपार्जन केंद्रों में 726 किसानों से 26 हजार 361.20 क्विंटल धान की खरीदी की गई। खरीदी के लिए जारी 814 टोकन में से 89.19 प्रतिशत किसानों ने पहले दिन ही केंद्र पहुंचकर धान बेच दिया।
पहले दिन जारी टोकन में 27 समितियों के माध्यम से और 787 मोबाइल एप के जरिए किसानों ने स्वयं प्राप्त किए थे। इन टोकन के आधार पर कुल 32 हजार 655.60 क्विंटल धान विक्रय के लिए पंजीकृत किया गया था। इनमें से 726 किसानों ने अपनी उपज बेची।
मोबाइल एप से टोकन लेने वालों की संख्या अधिक
मोबाइल एप के जरिए टोकन प्राप्त करने वाले 702 किसानों से 25 हजार 548 क्विंटल धान खरीदा गया। वहीं समितियों के माध्यम से टोकन लेने वाले 24 किसानों ने 813.20 क्विंटल धान बेचा। एप से टोकन लेने की सुविधा से किसान अपनी सुविधानुसार टोकन प्राप्त कर निर्धारित तिथि पर उपज बेच पा रहे हैं।
जिला प्रशासन ने खरीदी प्रक्रिया को सुचारू, व्यवस्थित और पारदर्शी बनाने के लिए उपार्जन केंद्रों में आवश्यक व्यवस्थाएं की हैं। किसानों को धान विक्रय के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जा रहा है।





