प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण : केवलराम के लिए बन गई आशा की किरण, पक्का घर मिलने से बदली जिंदगी

अपने दोस्तों को शेयर करें :

राजनांदगांव। प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण ने जिले के कई परिवारों की किस्मत बदल दी है। इस योजना के तहत कच्चे और असुरक्षित मकानों में रहने वाले जरूरतमंद परिवारों को पक्का और सुरक्षित आवास मिल रहा है, जिससे उनके जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव आ रहा है।

इसी कड़ी में डोंगरगढ़ विकासखंड के ग्राम अमलीडीह निवासी श्री केवलराम कंवर के लिए प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण एक आशीर्वाद साबित हुई। उन्होंने बताया कि जब उनके नाम से पक्का आवास स्वीकृत हुआ, तो यह खबर उनके पूरे परिवार के लिए वर्षों पुरानी चिंता को राहत में बदलने वाली साबित हुई।

श्री केवलराम ने कहा, “प्रधानमंत्री आवास योजना ने हमें घर दिया और हमारा जीवन बदल दिया। अब न सिर्फ हमारा जीवन सुरक्षित हुआ है, बल्कि समाज में भी हमारे मान-सम्मान में वृद्धि हुई है।” उन्होंने खुशी जाहिर करते हुए बताया कि पक्का मकान मिलने के बाद उन्होंने अपने दोनों बेटों का विवाह भी उसी घर में किया और अब अपने परिवार के साथ सुख-शांति से रह रहे हैं।

पूर्व में केवलराम और उनका परिवार कच्चे और जर्जर घर में रहते थे। उन्होंने बताया कि आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण वे पक्का घर नहीं बना पा रहे थे। कच्चे घर में बारिश के मौसम में पानी टपकता था, सांप और बिच्छू जैसे जीव-जंतु आते थे, और ठंड के मौसम में आग के सहारे पूरी रात बितानी पड़ती थी। यह स्थिति उनके लिए परेशानी का सबब बन चुकी थी, खासकर जब उनके दो बेटे थे और वे सोचते थे कि उनकी शादी के बाद परिवार बड़ा होगा, तो कच्चे मकान में कैसे रहेंगे।

श्री केवलराम ने बताया कि जब ग्राम पंचायत सचिव ने उन्हें प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास स्वीकृति की सूचना दी, तो वे खुशी से झूम उठे। पहले किस्त की राशि प्राप्त होते ही उन्होंने घर बनाना शुरू कर दिया और धीरे-धीरे घर का निर्माण पूरा हुआ। तीसरी किस्त मिलने के बाद उनका घर पूरी तरह पक्का हो गया।

उन्होंने बताया कि योजना के तहत उन्हें 1 लाख 30 हजार रुपये की राशि सीधे बैंक खाते में मिली, जिससे उन्होंने अपना घर बनवाया। इसके अलावा, रोजगार गारंटी योजना से पूरी मजदूरी राशि भी प्राप्त हुई। प्रधानमंत्री उज्जवला योजना से नि:शुल्क गैस कनेक्शन प्राप्त होने के बाद उन्होंने अपने पक्के घर में रसोई घर में भी इसका उपयोग शुरू कर दिया है।

श्री केवलराम ने प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत मिले आर्थिक समर्थन के लिए शासन का आभार व्यक्त किया और कहा कि इस योजना ने उनके और उनके परिवार के जीवन को पूरी तरह बदल दिया है। अब वे पूरी तरह सुरक्षित और खुशहाल जीवन जी रहे हैं।

अपने दोस्तों को शेयर करें :
error: Content is protected !!