कन्हारपुरी से धान खरीदी की शुरुआत, महापौर ने तिलक लगाकर किसानों का किया स्वागत

अपने दोस्तों को शेयर करें :

राजनांदगांव। जिले में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के लिए समर्थन मूल्य पर धान खरीदी रविवार से शुरू हो गई। पहले दिन 117 उपार्जन केंद्रों में खरीदी की शुरुआत हुई और 805 किसानों को टोकन जारी किए गए। किसानों ने टोकन तुंहर द्वार मोबाइल एप के जरिए टोकन प्राप्त किया। सुबह से ही किसान ट्रैक्टर और छोटे मालवाहक वाहनों में धान लेकर केंद्रों में पहुंचने लगे।

जिले में खरीदी का शुभारंभ राजनांदगांव विकासखंड के कन्हारपुरी उपार्जन केंद्र से हुआ। यहां परंपरा के अनुसार कांटा-बांट की पूजा-अर्चना कर खरीदी शुरू की गई। महापौर मधुसूदन यादव ने धान बेचने पहुंचे किसानों को पुष्पमाला पहनाई और तिलक लगाकर स्वागत किया। उन्होंने किसानों का मुंह मीठा कराकर शुभकामनाएं भी दीं।

खैरझिटी केंद्र खुलने से 5 किमी की दूरी बची

इस साल शुरू किए गए 26 नए उपार्जन केंद्रों में भी पहले दिन किसानों में उत्साह रहा। राजनांदगांव विकासखंड के खैरझिटी केंद्र में धान बेचने पहुंचे किसान गोविंद सिंह ने बताया कि पहले उन्हें करीब 5 किलोमीटर दूर दूसरे केंद्र तक जाना पड़ता था। इससे परिवहन में समय और अतिरिक्त खर्च लगता था। गांव के पास ही केंद्र खुलने से अब यह परेशानी दूर हो गई है।

गोविंद सिंह पहले दिन 86 क्विंटल धान लेकर केंद्र पहुंचे। उन्होंने बताया कि उनका धान सुविधाजनक तरीके से खरीदा गया। खैरझिटी केंद्र से जोरातराई, खैरझिटी, डुमरडीह खुर्द और कलडबरी के किसानों को सुविधा मिलेगी। उन्होंने नया केंद्र शुरू करने के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार जताया।

2,934 किसान ज्यादा पंजीकृत

जिले में इस वर्ष कुल 1 लाख 35 हजार 167 किसानों का पंजीयन हुआ है, जबकि पिछले साल यह संख्या 1 लाख 32 हजार 233 थी। इस तरह पंजीकृत किसानों की संख्या में 2,934 की बढ़ोतरी हुई है। किसानों को नजदीक में धान बेचने की सुविधा देने के लिए उपार्जन केंद्रों की संख्या भी 96 से बढ़ाकर 122 की गई है।

नए केंद्र खुलने से किसानों को लंबी दूरी तय नहीं करनी पड़ेगी। इससे समय, श्रम और परिवहन खर्च की बचत होगी। जिला प्रशासन ने उपार्जन केंद्रों में खरीदी सुचारू रखने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की हैं।

अपने दोस्तों को शेयर करें :
error: Content is protected !!