लोक आस्था का महापर्व : राजनांदगांव में अस्ताचलगामी सूर्य को अर्पित किया गया पहला अर्घ्य, गूंजे पारंपरिक छठ गीत

अपने दोस्तों को शेयर करें :

राजनांदगांव। लोक आस्था, अनुशासन और सूर्य उपासना के चार दिवसीय महापर्व छठ का मुख्य चरण रविवार को धूमधाम से शुरू हुआ। महापर्व के तीसरे दिन व्रती महिलाओं और पुरुषों ने अपने परिजनों के साथ शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक के नदी, तालाब और जलाशयों के तट पर स्थित छठ घाटों पर पहुंचकर अस्ताचलगामी (डूबते हुए) सूर्य को पहला अर्घ्य अर्पित किया।

राजनांदगांव के प्रमुख घाटों और सरोवरों के तटों पर श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। पूरा माहौल “कांच के बांस के बहंगिया, बहंगी लचकत जाए…” जैसे पारंपरिक और मधुर छठ गीतों से गुंजायमान रहा।

ठेकुआ और फलों से सजा सूप
व्रतियों ने बांस के सूप में लोक पर्व के विशेष प्रसाद ठेकुआ, कसार, मौसमी फल, गन्ना और अन्य पूजन सामग्री श्रद्धा के साथ सजाई। इसके बाद कमर तक पानी में खड़े होकर पूरी निष्ठा के साथ भगवान भास्कर (सूर्य देव) को अर्घ्य दिया और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।

36 घंटे का कठिन निर्जला उपवास
छठ का यह महापर्व कठिन तपस्या और अनुशासन का प्रतीक माना जाता है। व्रतियों द्वारा लगभग 36 घंटे का कठिन निर्जला उपवास रखा गया है, जो सोमवार सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के बाद संपन्न होगा।

आगे का कार्यक्रम: कल सुबह दिया जाएगा दूसरा अर्घ्य
सोमवार (अंतिम् दिन): महापर्व के चौथे और अंतिम दिन कल सुबह उद्यमान (उगते हुए) सूर्य को दूसरा और अंतिम अर्घ्य दिया जाएगा।

पारण: सूर्य को अर्घ्य देने के साथ ही 36 घंटे का निर्जला उपवास समाप्त होगा और व्रती अन्न-जल ग्रहण कर ‘पारण’ करेंगे।

प्रशासनिक तैयारियां:
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन की ओर से सभी प्रमुख घाटों पर सुरक्षा, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था और गोताखोरों के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं, ताकि पर्व के दौरान किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।

अपने दोस्तों को शेयर करें :
error: Content is protected !!