बिरसा मुंडा का अपमान आदिवासी समाज की भावनाओं को ठेस पहुंचाने जैसा : अशोक चौधरी

अपने दोस्तों को शेयर करें :

राजनांदगांव। भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को जनजाति गौरव दिवस के रूप में मनाए जाने पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज की कथित टिप्पणी को लेकर भाजपा नेता अशोक चौधरी ने आपत्ति जताई है। उन्होंने कहा कि जनजाति गौरव दिवस को पाखंड बताना आदिवासी समाज की भावनाओं और भगवान बिरसा मुंडा के योगदान का अपमान है।

चौधरी ने कहा कि बिरसा मुंडा ने मिशनरी संस्थान में पढ़ाई के दौरान धर्म परिवर्तन के दबाव और सनातन धर्म के अपमान का विरोध करते हुए पढ़ाई छोड़ दी थी। इसके बाद उन्होंने बिरसाइत पंथ की स्थापना कर आदिवासी समाज को संगठित किया और अपनी धार्मिक-सांस्कृतिक पहचान बनाए रखने का संदेश दिया। आदिवासी समाज में उनके योगदान के कारण उन्हें धरती आबा के रूप में सम्मान मिला।

भाजपा नेता ने कहा कि अंग्रेजी शासन के दौरान बिरसा मुंडा को गिरफ्तार किया गया था और वर्ष 1900 में 25 वर्ष की उम्र में रांची जेल में उनकी मृत्यु हो गई। उनके विचार आज भी समाज को प्रेरित करते हैं।

अशोक चौधरी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने राजनीतिक नेतृत्व को खुश करने के लिए आदिवासी समाज की भावनाओं की अनदेखी की है। उन्होंने कहा कि जनजाति गौरव दिवस पर की गई कथित टिप्पणी का कांग्रेस को राजनीतिक नुकसान उठाना पड़ सकता है।

अपने दोस्तों को शेयर करें :
error: Content is protected !!