राजनांदगांव। देश के विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का जज्बा कैसा होता है, इसकी एक अनूठी मिसाल आज से ठीक 39 वर्ष पूर्व संस्कारधानी के युवाओं ने पेश की थी। 14 नवंबर 1987 को पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती के अवसर पर राजनांदगांव के तीन उत्साही युवाओं— रईस अहमद शकील, शेख हमीद और राजीव ठाकुर ने साइकिल से एक ऐतिहासिक यात्रा की शुरुआत की थी। यूथ कांग्रेस के तत्वावधान में ’20 सूत्रीय कार्यक्रम’ के प्रचार-प्रसार के लिए शुरू हुआ यह सफर 43 दिनों में 3400 किलोमीटर की दूरी तय कर राजनांदगांव वापसी के साथ संपन्न हुआ।
इस ऐतिहासिक यात्रा के लिए तत्कालीन सांसद स्व. शिवेन्द्र बहादुर सिंह ने तीनों युवाओं को साइकिलें उपलब्ध कराई थीं। 14 नवंबर की सुबह अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के तत्कालीन सदस्य स्व. इंदर चंद जैन ने हरी झंडी दिखाकर इस दल को रवाना किया था। यात्रा का मुख्य उद्देश्य तत्कालीन प्रधानमंत्री स्व. राजीव गांधी के महत्वाकांक्षी 20 सूत्रीय कार्यक्रम—जिसमें गरीबी उन्मूलन, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल और युवाओं के रोजगार जैसे प्रमुख मुद्दे शामिल थे—को गांव-गांव तक पहुंचाना था।
वर्तमान के सुगम राजमार्गों के उलट, वर्ष 1987 में यह सफर बेहद चुनौतीपूर्ण था। डब्ल्यूबीएम (गिट्टी-मुरुम) और कच्चे रास्तों पर रोजाना औसतन 110 किलोमीटर साइकिल चलाना किसी अग्निपरीक्षा से कम नहीं था। रास्ते में बार-बार टायर फटने और पंचर होने की समस्याओं के बावजूद युवाओं का उत्साह कम नहीं हुआ। कई निर्जन इलाकों में पानी न मिलने पर उन्हें प्यास बुझाने के लिए ट्रकों के पीछे टंगे टायरों के टुकड़ों में जमा पानी तक पीना पड़ा।
यात्रा के पड़ाव में भोपाल पहुंचने पर खुज्जी के तत्कालीन विधायक इमरान मेमन के मार्गदर्शन में दल ने तत्कालीन मुख्यमंत्री स्व. मोतीलाल वोरा से मुलाकात की। इसके बाद दल दिल्ली पहुंचा, जहां राजीव ठाकुर का स्वास्थ्य खराब होने के कारण उन्हें ट्रेन से वापस राजनांदगांव भेजना पड़ा। इसके पश्चात रईस अहमद शकील और शेख हमीद ने आगे का सफर जारी रखा। दिल्ली में तत्कालीन सांसद शिवेन्द्र बहादुर सिंह के सहयोग से दोनों युवाओं की मुलाकात तत्कालीन प्रधानमंत्री राजीव गांधी से हुई। प्रधानमंत्री ने युवाओं के इस अनूठे प्रयास और समर्पण की मुक्तकंठ से सराहना की।
दिल्ली के बाद दोनों यात्री साइकिल से ही राजस्थान के अजमेर शरीफ पहुंचे। वहां उन्होंने हजरत ख्वाजा मोइनुद्दीन चिश्ती (गरीब नवाज) की दरगाह पर चादर पेश कर देश की खुशहाली, अमन और आपसी भाईचारे की दुआ मांगी। 43 दिनों की इस कठिन तपस्या के बाद 27 दिसंबर 1987 को यह यात्रा वापस राजनांदगांव पहुंचकर संपन्न हुई।
अजमेर शरीफ से लौटने के बाद रईस अहमद शकील ने अपने जीवन में एक नया मुकाम हासिल किया। सामाजिक सरोकारों से जुड़े इस अभियान के बाद राजनीति, समाजसेवा और व्यवसाय के क्षेत्र में उन्होंने निरंतर सफलता की सीढ़ियां चढ़ीं। आज भी 39 साल पुरानी यह साइकिल यात्रा शहर के युवाओं के लिए दृढ़ संकल्प और राष्ट्रप्रेम की प्रेरणा बनी हुई है।





