राजनांदगांव। शासकीय कमलादेवी राठी महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय में शुक्रवार को अंतरमहाविद्यालयीन तीरंदाजी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें विभिन्न महाविद्यालयों के खिलाड़ियों ने इंडियन राउंड, रिकर्व राउंड और कम्पाउंड राउंड में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर चयनित खिलाड़ी 15 से 22 नवंबर तक तेजपुर विश्वविद्यालय, असम में होने वाली प्रतियोगिता में हेमचंद यादव विश्वविद्यालय, दुर्ग का प्रतिनिधित्व करेंगे।
प्रतियोगिता में शासकीय दिग्विजय स्नातकोत्तर महाविद्यालय राजनांदगांव, शासकीय खूबचंद बघेल महाविद्यालय भिलाई-3, सुराना कॉलेज दुर्ग, शासकीय साइंस कॉलेज दुर्ग, कॉन्फ्लुएन्स कॉलेज राजनांदगांव और कमला कॉलेज की छात्राओं ने हिस्सा लिया। पुरुष एवं महिला वर्ग में तीनों राउंड की स्पर्धाएं आयोजित की गईं।
रिकर्व राउंड में साइंस कॉलेज दुर्ग के मोहित मस्तवार, सुराना कॉलेज दुर्ग के भूपेंद्र और शासकीय दिग्विजय महाविद्यालय राजनांदगांव के अर्जुन कुमार का चयन हुआ। कम्पाउंड राउंड में खूबचंद बघेल कॉलेज भिलाई-3 की अंकिता चयनित हुईं। इंडियन राउंड महिला वर्ग में सुराना कॉलेज दुर्ग की अल्का, शासकीय दिग्विजय महाविद्यालय की गीतिका और कमला कॉलेज की चांदनी ने जगह बनाई। वहीं, इंडियन राउंड पुरुष वर्ग में शासकीय दिग्विजय महाविद्यालय के राहुल साहू चयनित हुए।
प्रतियोगिता के मुख्य निर्णायक तीरंदाजी कोच उमेश बघेल और कुशल रजत थे। आयोजन क्रीड़ाधिकारी डॉ. नीता एस. नायर के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।
समापन समारोह में महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. अंजली अवधिया ने खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि खेलों में भागीदारी से नेतृत्व और संगठन क्षमता का विकास होता है। उन्होंने विद्यार्थियों को खेल गतिविधियों में सक्रिय रहने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. निवेदिता ए. लाल, डॉ. ओंकार लाल श्रीवास्तव, डॉ. जयसिंग साहू, डॉ. कृष्ण कुमार द्विवेदी, क्रीड़ा समिति संयोजक आलोक कुमार जोशी, योग शिक्षक खिलेन्द्र सोनी, वरिष्ठ क्रीड़ाधिकारी पी.के. हरि, अरुण चौधरी, रमेश त्रिपाठी, लोकेश्वर ठाकुर, तीरंदाजी कोच राहुल साहू सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। प्रतियोगिता के विभिन्न वर्गों में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों को मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया।





