छुरिया/राजनांदगांव। क्षेत्र में उत्कृष्ट और अनुकरणीय सेवाएं दे रहे शिक्षकों के प्रति सम्मान प्रकट करने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ ग्रामीण बैंक द्वारा छुरिया में एक भव्य एवं गरिमामय ‘शिक्षक सम्मान सम्मेलन’ का आयोजन किया गया। इस विशेष समारोह में क्षेत्र के लगभग 300 से अधिक शिक्षकों को छत्तीसगढ़ ग्रामीण बैंक प्रबंधन की ओर से प्रतीक चिन्ह और स्मृति चिन्ह प्रदान कर उनका भावभीना अभिनंदन किया गया। कार्यक्रम में बैंक अधिकारियों व कर्मचारियों के साथ-साथ बड़ी संख्या में शिक्षक प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में छत्तीसगढ़ ग्रामीण बैंक के क्षेत्रीय प्रबंधक आशीष सिंह एवं विकासखंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) जितेंद्र उइके उपस्थित थे। विशेष अतिथि के रूप में छत्तीसगढ़ जागरूक शिक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष जाकेश साहू, जिलाध्यक्ष राजकुमार साहू, ब्लॉक अध्यक्ष अमरदास बंजारे, छत्तीसगढ़ टीचर्स एसोसिएशन के पूर्व जिला प्रवक्ता दिनेश कुरेटी, ब्लॉक अध्यक्ष योगेंद्र वर्मा, छत्तीसगढ़ सहायक/समग्र शिक्षक फेडरेशन के ब्लॉक अध्यक्ष कीरत गणवीर, शिक्षक नेता राजेंद्र लाडेकर और लोकेश साहू मंचासीन रहे।
इसके अलावा बैंक के सेवानिवृत्त अधिकारी विजय गुप्ता, छुरिया शाखा प्रबंधक अनुराग सोनी, चिचोला शाखा प्रबंधक श्रीमती पूजा बुधौलिया, गैंदाटोला शाखा प्रबंधक देवेश कुमार भोई एवं भोलापुर शाखा प्रबंधक पी. यशवंत भी कार्यक्रम में विशेष रूप से शामिल हुए।
सम्मेलन को संबोधित करते हुए अतिथियों ने छत्तीसगढ़ ग्रामीण बैंक को शिक्षकों और कर्मचारियों के लिए एक विश्वसनीय और सच्चा सहयोगी बताया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के अधिकांश शिक्षकों का वेतन खाता इसी बैंक में है, जहां से उन्हें समय पर सहज वित्तीय सहायता प्राप्त होती है। अतिथियों ने उपस्थित शिक्षकों को बैंक की नवीन आवास ऋण, व्यक्तिगत ऋण और बचत योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान बैंक अधिकारियों ने शिक्षकों को भविष्य की आर्थिक सुरक्षा के लिए वित्तीय अनुशासन, आपातकालीन फंड (इमरजेंसी फंड) के निर्माण और मनी मैनेजमेंट के गुर सिखाए। अधिकारियों ने बताया कि आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए सही जगह निवेश करना बेहद जरूरी है।
सम्मेलन में बैंक की ‘555 दिनों की विशेष मियादी जमा योजना’ (एफडी) की आकर्षक ब्याज दरों और फायदों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। इसके साथ ही ग्रामीण अंचल में कार्यरत वेतनभोगी कर्मचारियों के लिए शुरू की गई ‘नई ग्रामीण आवास ऋण योजना’ के बारे में बताया गया कि इसका मुख्य उद्देश्य शिक्षकों और कर्मचारियों को अपना पक्का मकान बनाने के लिए आसान शर्तों पर ऋण उपलब्ध कराना है।
समारोह के अंत में बैंक प्रबंधन ने उपस्थित सभी अतिथियों और शिक्षकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी उत्कृष्ट बैंकिंग सेवाएं देने की प्रतिबद्धता दोहराई। कार्यक्रम में शिक्षक जगदीश साहू, संतोष जैन, नाथूराम सूर्यवंशी, ओमप्रकाश नेटी, नूरजहां खान, रेखा पुजारी, बीरेंद्र साहू, नवलसिंह साहू, कोमल गुरु, मोहित राम साहू, ईश्वर लाल मंडावी, चिम्मन लाल साहू, ज्ञानेश्वर जामुलकर, रत्नदीपा कमलेश्वर, रीना जगनित, हेमलाल सहारे, मुकेश साहू, बाबूलाल बसु, सरोज कोटरे, चेतन दुबे सहित 300 से अधिक शिक्षकों को प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।





