कलेक्टर ने सरपंचों के साथ की बैठक, विकास कार्यों में तेजी लाने दिए निर्देश

अपने दोस्तों को शेयर करें :

राजनांदगांव। कलेक्टर जितेन्द्र यादव ने राजनांदगांव विकासखंड के सभी ग्राम पंचायत सरपंचों के साथ बैठक कर शासन की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और ग्रामीण मूलभूत सुविधाओं की समीक्षा की।

बैठक में कलेक्टर ने सरपंचों से गांवों में नाली निर्माण, स्कूलों में अतिरिक्त कक्ष और पेयजल जैसी सुविधाओं की प्रगति के बारे में जानकारी ली। उन्होंने इन कार्यों को प्राथमिकता के साथ समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने पंचायतों को आत्मनिर्भर बनाने पर भी जोर दिया। इसके लिए टैक्स कलेक्शन बढ़ाने और सामुदायिक भवन, व्यावसायिक परिसर जैसी आय सृजन योजनाओं को अपनाने का सुझाव दिया। साथ ही प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के तहत अधिक से अधिक सोलर कनेक्शन लगाने और गांवों को सोलर विलेज बनाने की पहल करने को कहा।

गर्मी के मौसम में धान की जगह कम पानी वाली दलहन-तिलहन फसल अपनाने और पीएम आशा योजना के तहत समर्थन मूल्य पर फसल खरीदी के लाभ भी सरपंचों को बताए गए। कलेक्टर ने कुपोषण मुक्त पंचायत बनाने और लखपति दीदी योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश दिए।

साथ ही उन्होंने अविवादित बटवारा और नामांतरण प्रकरणों का शीघ्र निपटारा करने तथा प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत स्वीकृत आवास समय पर पूर्ण करने पर भी जोर दिया।

कलेक्टर ने कहा कि सभी सरपंच आपसी समन्वय से कार्य करें ताकि विकास योजनाओं का लाभ समय पर हर हितग्राही तक पहुंचे। बैठक में सीईओ जिला पंचायत सुश्री सुरूचि सिंह सहित सभी ग्राम पंचायत सरपंच मौजूद थे।

अपने दोस्तों को शेयर करें :