नवागांव सैनिटेशन पार्क पहुंचे महापौर मधुसूदन यादव, कम्पोस्ट प्लांट निर्माण का किया औचक निरीक्षण

अपने दोस्तों को शेयर करें :

राजनांदगांव। शहर में कचरा प्रबंधन और स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने की दिशा में महापौर मधुसूदन यादव ने नगर निगम आयुक्त जी.आर. मरकाम के साथ नवागांव सैनिटेशन पार्क का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने वहां चल रहे कम्पोस्ट प्लांट निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान महापौर श्री यादव ने कार्यपालन अभियंता दीपक खांडे को निर्देश दिए कि स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार लाने और कचरे का सुचारू प्रबंधन सुनिश्चित करने के लिए ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के अंतर्गत सुविधाओं का दायरा बढ़ाया जाए। उन्होंने एसएलआरएम सेंटर के स्तर उन्नयन कार्य और मृत मवेशियों के वैज्ञानिक निपटान के लिए इन्सिरेटर लगाने के कार्यों की प्रगति देखी।

महापौर ने स्पष्ट किया कि इन सभी निर्माण कार्यों को तय समय-सीमा के भीतर हर हाल में पूरा किया जाए ताकि शहरवासियों को इसका प्रत्यक्ष लाभ मिल सके। साथ ही, सैनिटेशन पार्क परिसर में आवारा गोवंशीय पशुओं के प्रवेश को रोकने के लिए तुरंत बाउंड्रीवाल का निर्माण कराने के भी निर्देश दिए।

कार्यपालन अभियंता श्री खांडे ने जानकारी दी कि ठोस अपशिष्ट प्रबंधन योजना के तहत सभी एसएलआरएम सेंटर्स में आधुनिक मशीनें लगाई जा रही हैं। इनमें प्लास्टिक कंप्रेस करने के लिए बेलिंग मशीन, प्लास्टिक सफाई के लिए फटका मशीन, कचरे के पृथक्करण (सेग्रीगेशन) के लिए कन्वेयर बेल्ट के साथ-साथ ट्राली और कंटेनर शामिल हैं। इसके अलावा नवागांव, लखोली और रेवाडीह में तीन नए कम्पोस्ट प्लांट भी स्थापित किए जा रहे हैं।

महापौर श्री यादव ने अधिकारियों से कहा कि कचरा संग्रहण के कार्य को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए ठोस अपशिष्ट प्रबंधन योजना के तहत इलेक्ट्रिक गाड़ियां (ई-वाहन) खरीदने की प्रक्रिया जल्द शुरू की जाए। उन्होंने कहा कि शासन द्वारा स्वच्छता और स्वास्थ्य सेवाओं के सुचारू क्रियान्वयन के लिए जो राशि प्राप्त हुई है, उसका सदुपयोग शहर में स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण निर्मित करने में किया जाना चाहिए।

निगम आयुक्त जी.आर. मरकाम ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्माण कार्यों में उच्च कोटि की गुणवत्ता और समय-सीमा का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि पार्क में लगाई जाने वाली सभी मशीनें आधुनिक सुविधाओं से युक्त हों ताकि सफाई व्यवस्था में गुणात्मक सुधार आ सके।

इस निरीक्षण के दौरान प्रभारी सहायक अभियंता सुषमा साहू, प्रभारी स्वास्थ्य अधिकारी राजेश मिश्रा, स्वच्छता निरीक्षक दीपक श्रीवास्तव सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

अपने दोस्तों को शेयर करें :
error: Content is protected !!