राजनांदगांव। असामाजिक तत्वों और अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने के चलाए जा रहे अभियान के तहत तुमड़ीबोड़ पुलिस चौकी ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सार्वजनिक स्थान पर धारदार चाकू लहराकर लोगों को डराने-धमकाने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से लोहे के पट्टे से बना एक धारदार चाकू जब्त कर उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए जेल भेज दिया गया है।
तालाब के पास घेराबंदी कर पुलिस ने दबोचा
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 30 सितंबर 2026 को सूचना मिली थी कि ग्राम टप्पा में तालाब के पास एक युवक हाथ में चाकू लहराकर आम लोगों को डरा-धमका रहा है और दहशत फैला रहा है। सूचना पर तुमड़ीबोड़ पुलिस की टीम ने बिना समय गंवाए मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपी को धारदार चाकू के साथ रंगे हाथों पकड़ लिया।
आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने आरोपी धर्मेन्द्र सिन्हा (21 वर्ष), निवासी ग्राम टप्पा, पुलिस चौकी तुमड़ीबोड़ (थाना लालबाग) के कब्जे से लोहे के पट्टे से निर्मित धारदार चाकू जब्त किया। सार्वजनिक स्थान पर धारदार हथियार लहराकर भय का माहौल निर्मित करने पर आरोपी के विरुद्ध धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस अधिकारियों के मार्गदर्शन में हुई कार्रवाई
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन एवं नगर पुलिस अधीक्षक श्रीमती वैशाली जैन के दिशा-निर्देशन में की गई। कार्रवाई में चौकी प्रभारी उप निरीक्षक धनीराम नारंगे, सउनि. चुन्नीलाल साहू, आरक्षक दिनेश्वर दास मानिकपुरी, आरक्षक सिंधु सिन्हा एवं तुमड़ीबोड़ चौकी स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही।


