राजनांदगांव। प्रसिद्ध धार्मिक स्थल मां बम्लेश्वरी मंदिर डोंगरगढ़ में आगामी 11 अक्टूबर से प्रारंभ हो रहे प्रसिद्ध क्वांर नवरात्रि मेले की तैयारियां प्रशासनिक स्तर पर जोर-शोर से शुरू हो गई हैं। संभागायुक्त सत्यनारायण राठौर ने छिरपानी परिसर डोंगरगढ़ में अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक लेकर स्पष्ट किया कि मेले में आने वाले लाखों श्रद्धालुओं और पदयात्रियों की सुविधा व सुरक्षा ही प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
बैठक में डोंगरगढ़ विधायक श्रीमती हर्षिता बघेल, कलेक्टर जितेन्द्र यादव, जिला पंचायत सीईओ दुर्गा प्रसाद अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और मंदिर ट्रस्ट के पदाधिकारी उपस्थित रहे। संभागायुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि पेयजल, स्वच्छता, प्रकाश, सुगम यातायात और पार्किंग जैसी मूलभूत व्यवस्थाओं को समय-सीमा के भीतर पूर्ण कर लिया जाए। उन्होंने कहा कि इस वर्ष श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटने की संभावना को देखते हुए प्रशासनिक कसावट बेहद जरूरी है।
पर्यटन विकास में स्थानीय भागीदारी पर जोर
संभागायुक्त राठौर ने कहा कि श्रद्धालु न केवल मां बम्लेश्वरी के दर्शन करें, बल्कि डोंगरगढ़ के अन्य धार्मिक व दर्शनीय स्थलों का भी सुखद अनुभव लेकर लौटें। उन्होंने क्षेत्र के विकास के लिए स्थानीय नागरिकों से आगे आने का आह्वान किया और बताया कि डोंगरगढ़ में स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से मंदिर ट्रस्ट द्वारा अस्पताल का संचालन भी किया जा रहा है।
कलेक्टर ने दिए दिशा-निर्देश: रोप-वे की फिटनेस जांच और 24 घंटे संचालन पर फोकस
कलेक्टर जितेन्द्र यादव ने बैठक में तैयारियों का ब्योरा देते हुए बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग व प्रमुख पदयात्रा मार्गों की मरम्मत तथा प्रकाश व्यवस्था का कार्य तेजी से जारी है। महाराष्ट्र सहित अन्य पड़ोसी राज्यों से आने वाले पदयात्रियों के लिए विशेष पंडाल और चिकित्सा केंद्र बनाए जाएंगे।
रोप-वे का फिटनेस ऑडिट: कलेक्टर ने मंदिर ट्रस्ट को रोप-वे का फिटनेस और दैनिक रखरखाव प्रमाण-पत्र अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। आपात स्थिति के लिए रात्रि में भी रोप-वे संचालन की व्यवस्था रहेगी।
दुकानों का सेफ्टी ऑडिट: मेले के दौरान लगने वाली दुकानों में अग्निशमन व विद्युत सुरक्षा के लिए सेफ्टी ऑडिट कराया जाएगा। इसके साथ ही डोंगरगढ़ को प्लास्टिक मुक्त बनाने के लिए व्यापारियों से विशेष अपील की गई है।
स्वास्थ्य व रेलवे समन्वय: श्रद्धालुओं के पैर में छाले या अन्य प्राथमिक चिकित्सा आवश्यकताओं के लिए स्वयंसेवी संस्थाओं के सहयोग से मेडिकल कैंप लगाए जाएंगे। रेलवे स्टेशन पर भीड़ नियंत्रण व जलभराव की समस्या के समाधान हेतु आरपीएफ व रेलवे प्रशासन से समन्वय किया जा रहा है।
बैठक में ये रहे मौजूद
समीक्षा बैठक में नगर पालिका अध्यक्ष रमन डोंगरे, अपर कलेक्टर सी.एल. मारकण्डेय, एसडीएम अक्षय दोषी, माँ बम्लेश्वरी ट्रस्ट समिति के अध्यक्ष मनोज अग्रवाल, उपाध्यक्ष अनिल गट्टानी सहित पुलिस प्रशासन, रेलवे और विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।


