सपनों को मिली उड़ान : कौशल विकास योजना से संवरा दुर्गेश्वरी का भविष्य, प्रशिक्षण के बाद मिली नर्सिंग जॉब

अपने दोस्तों को शेयर करें :

राजनांदगांव। राज्य सरकार की मुख्यमंत्री कौशल विकास योजना युवाओं को न केवल हुनरमंद बना रही है, बल्कि उन्हें रोजगार से जोड़कर आत्मनिर्भर बनने की नई राह भी दिखा रही है। इस योजना के जरिए राजनांदगांव जिले के छुरिया विकासखंड अंतर्गत ग्राम सीताकसा की सुश्री दुर्गेश्वरी साहू ने अपने सपनों को साकार किया है। जीडीए नर्सिंग का नि:शुल्क प्रशिक्षण प्राप्त कर आज वे रायपुर के एक निजी अस्पताल में सम्मानजनक नौकरी कर रही हैं।

दुर्गेश्वरी साहू ने अपनी सफलता का सफर साझा करते हुए बताया कि कक्षा 12वीं तक की पढ़ाई पूरी करने के बाद वे रोजगार की तलाश में थीं। इसी दौरान उन्हें मुख्यमंत्री कौशल विकास योजना के अंतर्गत लाइवलीहुड कॉलेज राजनांदगांव में संचालित ‘जनरल ड्यूटी असिस्टेंट’ (GDA) नर्सिंग प्रशिक्षण पाठ्यक्रम की जानकारी मिली।

618 घंटे का कठिन प्रशिक्षण किया पूरा
योजना से प्रेरित होकर दुर्गेश्वरी ने तुरंत आवेदन किया। चयन होने के बाद उन्होंने लाइवलीहुड कॉलेज में 618 घंटे का नर्सिंग प्रशिक्षण पूरी लगन और नियमितता के साथ पूरा किया और अंतिम परीक्षा भी सफलतापूर्वक उत्तीर्ण की।

रायपुर के मित्तल हॉस्पिटल में मिला रोजगार
प्रशिक्षण पूरा होते ही दुर्गेश्वरी की प्रतिभा को पहचान मिली और उन्हें रायपुर स्थित मित्तल हॉस्पिटल में जीडीए नर्स के पद पर रोजगार का अवसर प्राप्त हुआ। वर्तमान में वे प्रतिमाह 6,000 रुपये की आय अर्जित कर अपने परिवार को आर्थिक सहयोग दे रही हैं और आत्मनिर्भर बनकर सम्मानपूर्वक जीवन जी रही हैं।

अपनी इस उपलब्धि पर खुशी जाहिर करते हुए दुर्गेश्वरी साहू ने युवाओं को हुनरमंद बनाकर रोजगार से जोड़ने की इस कल्याणकारी योजना के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया है।

अपने दोस्तों को शेयर करें :