डोंगरगढ़। रेलवे स्टेशन डोंगरगढ़ के पास अवैध रूप से नशीली टैबलेट बेचने की फिराक में ग्राहक का इंतजार कर रहे नागपुर निवासी एक तस्कर को पुलिस ने घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से 250 नग नशीली गोलियां जप्त की गई हैं।
पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के दिशा-निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन एवं एसडीओपी डोंगरगढ़ केशरी नंदन नायक के पर्यवेक्षण में असामाजिक तत्वों और अवैध गतिविधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में प्रशिक्षु डीएसपी व थाना प्रभारी डोंगरगढ़ सुमन जायसवाल की अगुवाई में यह बड़ी सफलता मिली।
ट्रेन से गोलियां लेकर पहुंचा था आरोपी
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि सफेद शर्ट और काले रंग की जींस पहना एक संदिग्ध युवक ट्रेन से नागपुर की ओर से भारी मात्रा में नशीली गोलियां लेकर डोंगरगढ़ पहुंचा है। वह बैग में गोलियां रखकर कालकापारा रेलवे स्टेशन के पास ग्राहक का इंतजार कर रहा है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर दबिश देकर बताए गए हुलिए के युवक को घेराबंदी कर धर दबोचा। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम सुनील निषाद उर्फ लाला (21 वर्ष), निवासी लक्ष्मी नगर, कलमना मार्केट, नागपुर (महाराष्ट्र) बताया।
बैग की तलाशी में मिलीं नशीली दवाएं
आरोपी के पिट्ठू बैग की तलाशी लेने पर उसके अंदर से 25 पत्ते (कुल 250 नग) नाइट्राजेपम टैबलेट्स IP (Nizascen-10) बरामद की गईं, जिनकी बाजार मूल्य करीब 1,125 रुपये आंकी गई है। पुलिस ने नशीली दवाइयों को विधिवत जप्त कर आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 563/2026 और धारा 22(ख) एन.डी.पी.एस. एक्ट (NDPS Act) के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
इस पूरी कार्रवाई में सहायक उपनिरीक्षक विजय साहू, लीलाधर मंडलोई और रामखिलावन सिन्हा का विशेष योगदान रहा।


