राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन (बिहान) के अंतर्गत राजनांदगांव, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी एवं खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले में स्वीकृत जिला व विकासखंड स्तरीय विभिन्न संविदा पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू हो गई है। विभाग द्वारा पदवार प्रांविधिक (प्रोविजनल) मेरिट व वरीयता सूची जारी कर दी गई है।
वरीयता क्रम के आधार पर दस्तावेज सत्यापन, साक्षात्कार, लिखित एवं कौशल परीक्षा के लिए एक पद के विरुद्ध अधिकतम 10 अभ्यर्थियों की वर्गवार सूची राजनांदगांव जिले की आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड कर दी गई है, जहां अभ्यर्थी सूची का अवलोकन कर सकते हैं।
शासकीय दिग्विजय कॉलेज और जिला पंचायत में होंगी परीक्षाएं
जारी कार्यक्रम के अनुसार 7 अक्टूबर 2026 को सुबह 10 बजे शासकीय दिग्विजय स्वशासी स्नातकोत्तर महाविद्यालय, राजनांदगांव में लेखापाल एवं लेखा सह एमआईएस सहायक के लिए लिखित व कौशल परीक्षा, कार्यालय सहायक सह डाटा एंट्री ऑपरेटर के लिए कौशल परीक्षा तथा क्षेत्रीय समन्वयक पद के लिए लिखित परीक्षा आयोजित की जाएगी।
इसके बाद 8 अक्टूबर 2026 को सुबह 10 बजे जिला पंचायत कार्यालय राजनांदगांव में विकासखंड परियोजना प्रबंधक पद के लिए साक्षात्कार और भृत्य पद के लिए दस्तावेज परीक्षण (स्क्रूटनी) का आयोजन होगा।
मूल दस्तावेजों के साथ उपस्थिति अनिवार्य
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि पात्र अभ्यर्थियों को निर्धारित तिथि, समय एवं स्थल पर अपने सभी मूल दस्तावेजों और 1 पासपोर्ट साइज फोटो के साथ उपस्थित होना अनिवार्य है। इस संबंध में अभ्यर्थियों को पृथक से कोई व्यक्तिगत पत्राचार नहीं भेजा जाएगा।
नियत समय पर अनुपस्थित रहने वाले अभ्यर्थियों की उम्मीदवारी स्वतः ही निरस्त मान ली जाएगी। इसके अतिरिक्त लिखित व कौशल परीक्षा के निर्धारित अधिकतम 10 अंकों में से अभ्यर्थियों को न्यूनतम 3 अंक प्राप्त करना अनिवार्य होगा।


