महतारी वंदन योजना से लोकेश्वरी के जीवन में आया आत्मनिर्भरता का उजास

अपने दोस्तों को शेयर करें :

राजनांदगांव। ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से आम नागरिकों के जीवन में आ रहे सकारात्मक बदलावों की कहानियां सामने आ रही हैं। इसी कड़ी में महतारी वंदन योजना डोंगरगांव विकासखंड के ग्राम अमलीडीह की श्रीमती लोकेश्वरी साहू के लिए आर्थिक संबल और आत्मनिर्भरता का बड़ा माध्यम बनी है।

श्रीमती लोकेश्वरी साहू बताती हैं कि योजना से जुड़ने से पहले उनकी आर्थिक स्थिति कमजोर थी और आय का कोई स्थायी साधन नहीं था। घर-परिवार की दैनिक आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए उन्हें अक्सर आर्थिक कठिनाइयों से जूझना पड़ता था। योजना की शुरुआत से ही वे इससे जुड़ीं और हर माह मिलने वाली सहायता राशि ने उनके जीवन में नया आत्मविश्वास भर दिया है।

गर्भकाल से लेकर बच्चों के पोषण में मददगार बनी राशि
लोकेश्वरी साहू ने बताया कि महतारी वंदन योजना से मिलने वाली राशि का उपयोग उन्होंने अपनी गर्भावस्था के दौरान समुचित देखभाल और अब बच्चों के स्वास्थ्य, खान-पान व पोषण से जुड़ी जरूरतों को पूरा करने में किया है। इसके अलावा, घर की छोटी-मोटी जरूरतों के लिए अब उन्हें किसी अन्य पर निर्भर नहीं रहना पड़ता।

प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री का जताया आभार
श्रीमती लोकेश्वरी कहती हैं कि यह योजना केवल आर्थिक मदद नहीं, बल्कि महिलाओं के लिए सम्मान और आत्मनिर्भरता का आधार है। उन्होंने महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण की इस पहल के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति सहृदय आभार व्यक्त किया है।

अपने दोस्तों को शेयर करें :
error: Content is protected !!