गणेश उत्सव को लेकर राजनांदगांव पुलिस ने कसी कमर, एसपी सुश्री अंकिता शर्मा ने पंडालों, बाजार एवं विसर्जन मार्ग का किया निरीक्षण

अपने दोस्तों को शेयर करें :

राजनांदगांव। आगामी गणेश उत्सव एवं गणेश प्रतिमा विसर्जन को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से आज दिनांक 12 सितंबर 2026 को पुलिस अधीक्षक राजनांदगांव सुश्री अंकिता शर्मा द्वारा जिले के पुलिस अधिकारियों, डीएसपी एवं निरीक्षकों के साथ शहर में स्थापित प्रमुख गणेश पंडालों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान आगामी 14 सितंबर से गणेश उत्सव की संपूर्ण अवधि एवं विसर्जन तक कानून-व्यवस्था, सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा द्वारा गणेश उत्सव के दौरान शहर के बाजार एवं प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्रों में आगामी 10 दिनों तक यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के संबंध में भी अधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा की गई। गणेश उत्सव के दौरान पंडालों एवं बाजार क्षेत्रों में श्रद्धालुओं एवं आम नागरिकों की बढ़ने वाली आवाजाही को दृष्टिगत रखते हुए यातायात पुलिस एवं थाना प्रभारियों को विशेष कार्ययोजना बनाकर कार्य करने के निर्देश दिए गए। प्रमुख बाजार क्षेत्रों में जाम की स्थिति निर्मित न हो तथा आम नागरिकों एवं व्यापारियों को अनावश्यक असुविधा न हो, इसके लिए आवश्यकतानुसार पुलिस बल की तैनाती एवं यातायात प्रबंधन के निर्देश दिए गए।

इसके पश्चात पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा द्वारा अधिकारियों एवं पुलिस बल के साथ गणेश प्रतिमाओं के संपूर्ण विसर्जन मार्ग का पैदल भ्रमण कर व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया गया। विसर्जन मार्ग के प्रमुख चौक-चौराहों एवं संवेदनशील स्थानों का जायजा लेते हुए आवश्यक स्थानों पर उचित बैरिकेडिंग, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था एवं पुलिस बल की समुचित नियुक्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही विसर्जन के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुगम यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए संबंधित अधिकारियों को विशेष निर्देश दिए गए।

निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक द्वारा संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि गणेश उत्सव के दौरान पंडालों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था एवं नियमित पुलिस पेट्रोलिंग सुनिश्चित की जाए तथा सभी अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में सतत निगरानी रखें। गणेश उत्सव समितियों के साथ निरंतर संपर्क एवं समन्वय स्थापित कर किसी भी प्रकार की समस्या का त्वरित निराकरण करने तथा कानून-व्यवस्था एवं यातायात व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने के निर्देश दिए गए।

पश्चात पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा एवं अन्य पुलिस अधिकारियों द्वारा मोहारा स्थित विसर्जन कुंड एवं वहां तक जाने वाले मार्गों का बाइक पेट्रोलिंग के माध्यम से निरीक्षण किया गया। इस दौरान विसर्जन स्थल की सुरक्षा व्यवस्था, पहुंच मार्ग एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को सभी तैयारियां समय पूर्व पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।

निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा, डीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी, डीएसपी वाजपेयी, डीएसपी विधिराज, रक्षित निरीक्षक लोकेश कसेर, निरीक्षक उपेन्द्र शाह, यातायात प्रभारी नवरतन कश्यप, निरीक्षक सुनील सिंह, निरीक्षक सुरेश जांगड़े, निरीक्षक भूषण चंद्राकर सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

अपने दोस्तों को शेयर करें :