राजनांदगांव। आगामी श्री गणेश चतुर्थी पर्व की तैयारियों के बीच भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा के जिला मंत्री सुनील सेन ने समस्त सनातनी हिंदू समाज और गणेश उत्सव समितियों से पर्व को धार्मिक आस्था, उच्च संस्कारों और सनातन परंपरा के अनुरूप ही मनाने की भावुक अपील की है।
सुनील सेन ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि भगवान श्री गणेश जी की प्रतिमाएं पारंपरिक, शास्त्रसम्मत और धार्मिक स्वरूप में ही स्थापित की जाएं। किसी भी प्रकार के हास्यास्पद या आपत्तिजनक स्वरूप में प्रतिमा स्थापना को स्वीकार नहीं किया जाना चाहिए। इससे धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचती है।
पंडालों में केवल बजेंगे भजन और देशभक्ति गीत
उन्होंने आयोजकों से आग्रह किया कि सभी गणेश पंडालों में डीजे व साउंड सिस्टम पर केवल भगवान श्री गणेश, देवी-देवताओं के भजन, आरती और देशभक्ति के गीत ही बजाए जाएं। फूहड़, अश्लील और धार्मिक आयोजन की गरिमा को ठेस पहुंचाने वाले फिल्मी गानों का बजाया जाना पूर्णतः वर्जित होना चाहिए।
पितृ पक्ष से पहले हो विसर्जन
भाजयुमो नेता ने एक महत्वपूर्ण अपील करते हुए कहा कि गणेश जी की प्रतिमाओं का विसर्जन पितृ पक्ष (श्राद्ध पक्ष) प्रारंभ होने से पहले ही पूर्ण कर लिया जाए, ताकि आगामी पितृ पक्ष की धार्मिक परंपराओं और पूर्वजों के प्रति तर्पण का विधिवत पालन हो सके।
मर्यादा तोड़ी तो होगी कानूनी कार्रवाई
सुनील सेन ने सख्त लहजे में कहा कि यदि किसी भी पंडाल में धार्मिक मर्यादा का उल्लंघन कर अश्लील गाने बजाए जाते हैं या प्रशासन के निर्देशों की अवहेलना होती है, तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस व प्रशासन को दी जाएगी और संबंधितों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कानूनी कार्रवाई कराई जाएगी। उन्होंने आह्वान किया कि गणेशोत्सव भक्ति, सामाजिक एकता और सनातन संस्कृति के जागरण का पर्व बने।


