राजनांदगांव। जिले की बसंतपुर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सत्यम विहार कॉलोनी स्थित एक नवनिर्माणाधीन मकान से केबल वायर और कटर मशीन चोरी करने वाले दो आरोपियों को महज 3 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से चोरी का सारा सामान बरामद कर दोनों को अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
ताला तोड़कर पार कर दिए थे 40 हजार का सामान
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, दीवानपारा निवासी प्रार्थी दुर्गा प्रसाद देवांगन ने बसंतपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि सत्यम विहार कॉलोनी स्थित नवनिर्माणाधीन मकान का मालिक परिवार समेत बाहर गया हुआ था। इसी बीच 28 अगस्त से 1 सितंबर के दौरान अज्ञात चोरों ने मकान का ताला तोड़कर अंदर रखे 4 बंडल केबल वायर और 1 ग्लाइंडर कटर मशीन (कुल कीमत लगभग 40 हजार रुपये) पार कर दिए। रिपोर्ट पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।
CCTV और तकनीकी साक्ष्यों से पकड़े गए आरोपी
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए एसपी सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन, एएसपी कीर्तन राठौर और नगर पुलिस अधीक्षक वैशाली जैन के पर्यवेक्षण में बसंतपुर थाना प्रभारी निरीक्षक कौशलेश देवांगन के नेतृत्व में पुलिस टीम का गठन किया गया। टीम ने घटनास्थल के आसपास और शहर के प्रमुख चौराहों पर लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदेह होने पर कोठारपारा (नंदई) निवासी लोजस उर्फ लक्की देवांगन (20 वर्ष) और हरिनारायण यादव (20 वर्ष) को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।
पूछताछ में जुर्म कबूला, भेजा गया जेल
सख्ती से पूछताछ करने पर दोनों युवकों ने ताला तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी गया सारा मशरूका (केबल वायर और कटर मशीन) जप्त कर लिया। आरोपी लोजस और हरिनारायण को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।
इस त्वरित कार्रवाई में थाना प्रभारी कौशलेश देवांगन, प्रशिक्षु उप निरीक्षक हीरामणी, महिला प्रधान आरक्षक सीमा जैन, आरक्षक आशीष मानिकपुरी, कुश बघेल, अतहर अली, राजेश बंदेश्वर एवं रूपेन्द्र वर्मा की सराहनीय भूमिका रही।


