कार की डिग्गी में छिपाकर ले जा रहे थे 50 हजार की अवैध शराब, पुलिस और साइबर टीम ने आरोपी को दबोचा

अपने दोस्तों को शेयर करें :

राजनांदगांव। जिले में चलाए जा रहे नशा उन्मूलन अभियान के तहत साइबर टीम और चिचोला पुलिस चौकी की संयुक्त टीम ने अवैध शराब तस्करी पर बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने नाकाबंदी कर एक स्विफ्ट कार की डिग्गी से 99 बल्क लीटर अवैध देसी व अंग्रेजी शराब बरामद की है। मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

मुखबिर की सूचना पर औराटोला के पास घेराबंदी

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 2 सितंबर को मुखबिर से सटीक सूचना मिली थी कि एक सफेद रंग की स्विफ्ट कार में बागनदी की ओर से अवैध शराब की बड़ी खेप चिचोला की तरफ लाई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस और साइबर टीम ने महारू नेताम ढाबा के पास (औराटोला) घेराबंदी की और संदिग्ध कार को रुकवाया। पूछताछ में चालक ने अपना नाम रूपेश्वर साहू (39 वर्ष), निवासी रामपुर खातूटोला बताया।

कार से 50 हजार की शराब व 2.5 लाख की स्विफ्ट जब्त

जब वाहन की तलाशी ली गई तो डिग्गी के अंदर काई (हरे) रंग के 5 थैलों में छिपाकर रखी गई 400 नग देसी शोले शराब और 150 नग अंग्रेजी शराब मिली। कुल 99 बल्क लीटर शराब (कीमत लगभग 50 हजार रुपये) और तस्करी में प्रयुक्त स्विफ्ट कार (क्रमांक CG 08 R 0888, कीमत लगभग 2.50 लाख रुपये) को विधिवत जब्त कर लिया गया। वैध दस्तावेज प्रस्तुत न कर पाने पर आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज किया गया।

अभियान के तहत हुई त्वरित कार्रवाई

पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन, एएसपी कीर्तन राठौर एवं एसडीओपी केशरीनंदन नायक के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई।

इस सफलता में साइबर टीम निरीक्षक विनय पम्मार मय स्टाफ, चौकी प्रभारी योगेश पटेल, प्रधान आरक्षक सुनील वर्मा एवं आरक्षकों की सराहनीय भूमिका रही।

अपने दोस्तों को शेयर करें :