राजनांदगांव। जिले के चिखली चौकी क्षेत्र में पैसों के लेनदेन और बाइक को लेकर हुए विवाद ने सनसनीखेज रूप ले लिया। किराए के मकान में बुलाकर एक दोस्त ने ही अपने प्रॉपर्टी डीलर साथी की डंडे से पीट-पीटकर निर्मम हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी लाश को चादर में लपेटकर कमरे में ताला बंद कर भाग निकला और शव ठिकाने लगाने की फिराक में था, लेकिन पुलिस की सतर्कता से दबोच लिया गया।
फोन कर बुलाया किराए के मकान में
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मोतीपुर रामनगर निवासी अर्जुन वाधवानी (30) प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करता था। बुधवार की रात उसके दोस्त सुनील वर्मा (30) ने फोन कर उसे अपने किराए के मकान में बुलाया। दोनों के बीच पिछले कुछ समय से उधारी, प्रॉपर्टी के काम और एक बाइक को लेकर तनातनी चल रही थी। अर्जुन ने सुनील की बाइक अपने पास रख ली थी, जिसे लेकर विवाद गहराया हुआ था।
विवाद बढ़ा तो डंडे से कर दिया ताबड़तोड़ हमला
कमरे में बातचीत के दौरान लेनदेन का मुद्दा छिड़ते ही बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ा कि आपा खो चुके सुनील ने पास रखे डंडे से अर्जुन पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। सिर पर गंभीर चोट लगने के कारण अर्जुन ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हत्या के बाद आरोपी ने साक्ष्य छिपाने की नीयत से शव को बेडशीट में लपेटा, कमरे का बाहर से ताला लगाया और फरार हो गया।
पुलिस ने ताला तोड़कर बरामद किया शव, आरोपी गिरफ्तार
सूचना मिलने पर जब चिखली चौकी पुलिस मौके पर पहुंची, तो मकान बाहर से बंद मिला। इसी बीच पहुंचे आरोपी सुनील ने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की और कहने लगा कि “कमरे के अंदर कुछ नहीं है।” संदेह होने पर पुलिस ने ताला तोड़कर भीतर प्रवेश किया, जहां चादर में लिपटी अर्जुन की लाश बरामद हुई। पुलिस ने तुरंत आरोपी को हिरासत में ले लिया।
फॉरेंसिक और साइबर टीम जुटा रही सबूत
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए फॉरेंसिक विशेषज्ञों ने मौके से फिंगरप्रिंट व खून के नमूने एकत्र किए हैं। इसके अलावा क्राइम और साइबर टीम भी जांच में जुटी है। एडिशनल एसपी कीर्तन राठौर ने बताया कि उधारी, प्रॉपर्टी और बाइक विवाद के चलते वारदात को अंजाम दिया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आरोपी से पूछताछ की जा रही है।


