सट्टा-पट्टी लिखते दो सटोरिए गिरफ्तार : 14,700 रुपये नकद, मोबाइल और बाइक जब्त

अपने दोस्तों को शेयर करें :

राजनांदगांव। अवैध कारोबार और सटोरियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बसंतपुर थाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने फुर्सत के पल चौक के पास दबिश देकर मोबाइल के जरिए सट्टा पट्टी लिख रहे दो सटोरियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से नगदी रकम, सट्टा पट्टी, मोबाइल और एक बाइक जब्त की गई है।

मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देश पर शहर में अवैध गतिविधियों और सटोरियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर और नगर पुलिस अधीक्षक वैशाली जैन के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी कौशलेश देवांगन के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई थी।

पंचर दुकान की आड़ में चल रहा था सट्टे का कारोबार

1 सितंबर को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि फुर्सत के पल चौक स्थित कान्हा डेरी के सामने एक पंचर दुकान में मोबाइल के माध्यम से सट्टा पट्टी लिखकर अवैध कमाई की जा रही है। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए बसंतपुर पुलिस ने मौके पर घेराबंदी कर दो आरोपियों को धर दबोचा।

पकड़े गए आरोपी:

रमेश वर्मा (44 वर्ष), निवासी शिवनगर बसंतपुर

निशांत बोरकर (27 वर्ष), निवासी शिवनगर बसंतपुर

सामग्री जब्त, भेजे गए न्यायिक रिमांड पर

पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से सट्टा पट्टी, डॉट पेन, 14,700 रुपये नकद, दो नाग मोबाइल फोन और एक मोटरसाइकिल जब्त की है। आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 405/2026, छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 6 व 7 के तहत मामला दर्ज कर उन्हें विधिवत गिरफ्तार किया गया और अदालत में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

सराहनीय भूमिका

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक कौशलेश देवांगन, प्रशिक्षु उप निरीक्षक राजीव चंद्रा, आरक्षक रूपेंद्र वर्मा, राजेश बंदेश्वर और ललित रावटे का विशेष योगदान रहा। पुलिस का कहना है कि अवैध गतिविधियों के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा।

अपने दोस्तों को शेयर करें :