चिचोला। राष्ट्रीय राजमार्ग-53 पर छुरिया मोड़ के पास बटनदार चाकू लहराकर राहगीरों को डराने-धमकाने वाले एक युवक को चिचोला पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से खतरनाक बटनदार चाकू जब्त कर उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
मुखबिर की सूचना पर रेड कार्रवाई
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, रविवार को चिचोला पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि छुरिया मोड़ एनएच-53 के पास एक युवक हाथ में बटनदार चाकू लहरा रहा है और आने-जाने वाले लोगों को डरा-धमका कर दहशत फैला रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों—एसपी अंकिता शर्मा, एएसपी कीर्तन राठौर और एसडीओपी केसरीनंदन नायक के मार्गदर्शन में चौकी प्रभारी निरीक्षक योगेश पटेल के नेतृत्व में पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची।
घेराबंदी कर दबोचा गया आरोपी
पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर तस्दीक की और घेराबंदी कर आरोपी को धर दबोचा। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम देवेंद्र यादव (20 वर्ष) पिता देव कुमार यादव, निवासी ग्राम बापूटोला (चौकी चिचोला, जिला राजनांदगांव) बताया। आरोपी के पास से अवैध बटनदार चाकू जब्त कर धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया।
तत्पश्चात आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से अदालत के आदेश पर उसे जेल भेज दिया गया। इस संपूर्ण कार्रवाई में चौकी प्रभारी योगेश पटेल, सउनि वीरेंद्र नाविक, प्रधान आरक्षक सुनील वर्मा, महिला प्रधान आरक्षक एवं अन्य आरक्षकों की सराहनीय भूमिका रही।


