राजनांदगांव। कलेक्टर जितेन्द्र यादव ने कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक समय-सीमा (TL) की बैठक में जिले में संचालित विभिन्न योजनाओं और विकास कार्यों की प्रगति की सघन समीक्षा की। कलेक्टर ने राजस्व प्रकरणों के निराकरण में तेजी लाने, अतिक्रमण हटाने और शासकीय भूमि को मुक्त कराने के अभियान को निरंतर जारी रखने के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आमजन से जुड़े मामलों में बेवजह विलंब न हो।
कलेक्टर ने एग्रीस्टेक बकेट क्लेम के लंबित कार्यों को मिशन मोड में पूरा करने के निर्देश दिए ताकि किसान शासन की योजनाओं का लाभ उठा सकें। इसके अलावा गिरदावरी कार्य की त्रुटिरहित प्रविष्टि सुनिश्चित करने और खाद्य पदार्थों में मिलावटखोरी पर नकेल कसते हुए डेयरी एनालॉग के अवैध निर्माण, भंडारण और विक्रय पर कड़ी वैधानिक कार्रवाई करने के निर्देश एसडीएम को दिए।
5242 घरों में लगे सोलर पैनल, पीएम सूर्य घर योजना का बढ़ाएं दायरा
बैठक में प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की समीक्षा करते हुए बताया गया कि जिले में अब तक 5,242 घरों में सोलर पैनल स्थापित किए जा चुके हैं। कलेक्टर ने शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में शिविर लगाकर बैंक, बिजली विभाग और वेंडर्स के समन्वय से प्रचार-प्रसार तेज करने को कहा ताकि अधिक से अधिक लोग बिजली बिल शून्य करने वाली इस योजना का लाभ उठा सकें।
14 वर्ष की बालिकाओं के एचपीवी वैक्सीनेशन को प्राथमिकता
स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने 14 वर्ष की आयु पूरी कर चुकी बालिकाओं के एचपीवी (HPV) टीकाकरण को प्राथमिकता से पूरा करने के निर्देश दिए। जिले में अब तक 7,515 बालिकाओं का टीकाकरण हो चुका है। इसके अलावा हाई-रिस्क गर्भवती महिलाओं की निरंतर निगरानी और स्वास्थ्य विभाग में जारी भर्ती प्रक्रिया को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए गए।
छात्रावासों में स्वच्छता और सड़कों से मवेशी हटाने के निर्देश
कलेक्टर ने आश्रम व छात्रावासों में खिड़की-दरवाजों पर मच्छर जाली, पर्याप्त पंखे और नियमित पेयजल जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वहीं सड़कों पर घूमने वाले आवारा मवेशियों को गौशाला व कांजी हाउस भेजने और उनके गले में रेडियम बेल्ट लगाने के लिए पशु चिकित्सा विभाग के कर्मचारियों की रोस्टर ड्यूटी लगाने के निर्देश नगर निगम अधिकारियों को दिए।
बैठक में जिला पंचायत सीईओ दुर्गा प्रसाद अधिकारी, अपर कलेक्टर सीएल मारकण्डेय, अपर कलेक्टर प्रेमप्रकाश शर्मा, निगम आयुक्त जीआर मरकाम सहित सभी विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।


