कलेक्टर के कड़े रुख का असर : नेशनल हाईवे से 51 गायों को हटाया, सुरक्षित स्थान पर भेजा

अपने दोस्तों को शेयर करें :

राजनांदगांव। जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में कलेक्टर जितेन्द्र यादव द्वारा दिए गए कड़े निर्देशों का असर अब जमीनी स्तर पर दिखने लगा है। नेशनल हाईवे पर आवारा मवेशियों के कारण होने वाले हादसों को रोकने के लिए प्रशासन के आदेश के बाद भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने पेट्रोलिंग व कार्रवाई तेज कर दी है। इसी कड़ी में एनएचएआई की टीम ने नेशनल हाईवे के अलग-अलग हिस्सों में सड़क के मीडियन और सोल्डर रोड सेंटर पर बैठी 51 गायों को हटाकर सड़क से दूर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया।

रात में बना रहता है हादसों का खतरा
नेशनल हाईवे पर आवारा मवेशियों के जमावड़े से वाहन चालकों के लिए हमेशा गंभीर दुर्घटना का खतरा बना रहता है। खासतौर पर रात के समय अंधेरे में सड़क पर बैठे मवेशी अचानक सामने आ जाते हैं, जिससे तेज रफ्तार वाहन अनियंत्रित होकर हादसे का शिकार हो जाते हैं। इसे देखते हुए एनएचएआई द्वारा संवेदनशील और दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में नियमित गश्त की जा रही है।

रेडियम बेल्ट लगाने के भी निर्देश
कलेक्टर ने हाईवे पर मवेशियों की आवाजाही रोकने के लिए सतत निगरानी और प्रभावी पेट्रोलिंग व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही मवेशियों को हादसों से बचाने के लिए रेडियम बेल्ट लगाने को भी कहा गया है। कलेक्टर ने स्पष्ट किया है कि सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय से काम करें और संवेदनशील स्पॉट्स पर विशेष सतर्कता बरतें।

अपने दोस्तों को शेयर करें :
error: Content is protected !!