आईजी अजय यादव का मानपुर-मोहला में आकस्मिक निरीक्षण, साइबर ठगी की राशि तुरंत होल्ड कराने के दिए निर्देश

अपने दोस्तों को शेयर करें :

राजनांदगांव/मोहला। राजनांदगांव रेंज के पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) अजय कुमार यादव (भापुसे) ने जिला मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पुलिस अधीक्षक कार्यालय में जिले के समस्त थाना व चौकी प्रभारियों की बैठक लेकर लंबित मामलों के त्वरित निराकरण और विवेचना की गुणवत्ता सुधारने के कड़े निर्देश दिए।

आईजी अजय यादव ने समीक्षा बैठक में साइबर अपराधों पर नकेल कसने के लिए अधिकारियों को विशेष दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि साइबर फ्रॉड के मामलों में पुलिस तुरंत एक्शन ले और पीड़ितों को राहत दिलाने के लिए संबंधित बैंकों व वित्तीय संस्थानों से समन्वय बनाकर ठगी की राशि को तत्काल होल्ड या फ्रीज कराने की कार्रवाई सुनिश्चित करे।

कैंपों में जवानों का बढ़ाया हौसला, बच्चों से जाना हाल-चाल
आईजी ने थाना मोहला, थाना खड़गांव, पुलिस कैंप परवींडीह और ITBP की 40वीं बटालियन कैंप का भी मुआयना किया। दुर्गम और संवेदनशीलता वाले क्षेत्रों में तैनात जवानों से मुलाकात कर उन्होंने उनकी आवश्यकताओं और सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी ली तथा जवानों का मनोबल बढ़ाया। निरीक्षण के दौरान आईजी प्राथमिक शाला परवींडीह भी पहुंचे, जहां उन्होंने छोटे बच्चों से संवाद कर उनकी पढ़ाई-लिखाई के बारे में पूछा और उनका उत्साहवर्धन किया।

एसपी ऑफिस की शाखाओं की जांच, लाइन में रोपे पौधे
आईजी ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय की विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण कर रिकॉर्ड्स एवं कार्यालयीन कार्यप्रणाली का जायजा लिया। इसके बाद उन्होंने पुलिस लाइन परिसर का निरीक्षण किया और परिसर को हरा-भरा बनाने का संदेश देते हुए पौधरोपण भी किया।

निरीक्षण में यह अधिकारी रहे मौजूद
इस दौरान एसएसपी वाई.पी. सिंह (भापुसे), मुख्यालय डीएसपी श्रीमती नेहा पवार, रक्षित निरीक्षक भुवनेश्वर कश्यप सहित जिले के समस्त थाना/चौकी प्रभारी व पुलिस जवान उपस्थित थे। आईजी के इस आकस्मिक दौरे से जिले के पुलिस महकमे में कसावट आने के साथ ही जवानों का उत्साह बढ़ा है।

अपने दोस्तों को शेयर करें :
error: Content is protected !!