सफाई व्यवस्था प्रभावित करने पर दो महिला स्व-सहायता समूहों को आयुक्त ने थमाया नोटिस

अपने दोस्तों को शेयर करें :

राजनांदगांव। बारिश के मौसम में संक्रामक बीमारियों की रोकथाम और सुचारू जल निकासी के लिए नगर निगम द्वारा शहर में स्वच्छता अभियान पर विशेष जोर दिया जा रहा है। महापौर और निगम आयुक्त स्वयं वार्डों का दौरा कर सफाई व्यवस्था की निगरानी कर रहे हैं। इसी कड़ी में ठेका वार्डों में अचानक सफाई कार्य बंद कर व्यवस्था ठप करने वाले दो महिला स्व-सहायता समूहों पर निगम आयुक्त जी.आर. मरकाम ने कड़ा रुख अपनाते हुए नोटिस जारी किया है।

निगम आयुक्त ने बताया कि ‘भाग्य लक्ष्मी महिला स्व-सहायता समूह’ (कौरिनभाठा) को वार्ड क्रमांक 32 एवं 47 तथा ‘कृष्णा स्व-सहायता समूह’ (लखोली) को वार्ड क्रमांक 23 एवं 51 में सफाई का दायित्व सौंपा गया था। किंतु भाग्य लक्ष्मी समूह द्वारा वार्ड 32 में 1 अगस्त व वार्ड 47 में 6 अगस्त से तथा कृष्णा समूह द्वारा वार्ड 23 में 14 अगस्त व वार्ड 51 में 6 अगस्त से बिना किसी पूर्व सूचना के सफाई कार्य पूरी तरह बंद कर दिया गया।

अनुबंध की शर्तों का उल्लंघन, बिल से कटेगी रकम
आयुक्त श्री मरकाम ने नोटिस में स्पष्ट कहा कि बारिश के दिनों में जलभराव और मौसमी बीमारियों का खतरा बना रहता है, ऐसे में सफाई जैसा अति आवश्यक कार्य बंद करना घोर लापरवाही और अनुबंध की शर्तों का सीधा उल्लंघन है।

निगम प्रशासन ने चेतावनी दी है कि बिना सूचना के कार्य बाधित करने के कारण संबंधित समूहों के चलित माह के भुगतान बिलों से नियमानुसार कटौती की जाएगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी स्वयं ठेकेदार समूहों की होगी।

अपने दोस्तों को शेयर करें :