कलेक्टर ने ली राजस्व अधिकारियों की बैठक, प्रकरणों के समयबद्ध निराकरण के दिए निर्देश

अपने दोस्तों को शेयर करें :

राजनांदगांव। कलेक्टर जितेंद्र यादव ने कलेक्टोरेट सभाकक्ष में राजस्व अधिकारियों की समीक्षा बैठक लेकर जिले में चल रहे राजस्व कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने सभी अधिकारियों को राजस्व प्रकरणों का निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण और विधिसम्मत निराकरण सुनिश्चित करने के कड़े निर्देश दिए।

डिजिटल क्रॉप सर्वे और बटांकन में लाएं तेजी

कलेक्टर ने डिजिटल क्रॉप सर्वे तथा नक्शा बटांकन के कार्यों की समीक्षा करते हुए कम प्रगति वाली तहसीलों के अधिकारियों के प्रति नाराजगी जताई। उन्होंने स्पष्ट किया कि लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी अधिकारी कार्य में तेजी लाकर तय समयावधि में लक्ष्य हासिल करें।

20 दिनों में स्वामित्व योजना का शत-प्रतिशत लक्ष्य करें पूरा

स्वामित्व योजना की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने आगामी 20 दिनों के भीतर शत-प्रतिशत लक्ष्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि जिले के 352 गांवों में अधिकार अभिलेख तैयार किए जा चुके हैं, शेष गांवों में भी प्रक्रिया तेजी से पूरी की जाए। योजना में उत्कृष्ट कार्य के लिए लाल बहादुर नगर तहसीलदार नीलकंठ जनबंधु, डोंगरगढ़ नायब तहसीलदार श्रीमती झरना राजपूत और चिराग रामटेके की सराहना की गई।

सरकारी जमीन पर अतिक्रमण पर होगी सख्त कार्रवाई

कलेक्टर ने शासकीय भूमि पर अतिक्रमण के मामलों में सख्त रुख अपनाते हुए नियमानुसार प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासकीय भूमि की सुरक्षा प्रशासन की प्राथमिकता है। बैठक में अपर कलेक्टर सीएल मारकण्डेय, अपर कलेक्टर प्रेम प्रकाश शर्मा, नजूल अधिकारी प्रकाश टंडन सहित जिले के सभी एसडीएम, तहसीलदार और नायब तहसीलदार मौजूद रहे।

अपने दोस्तों को शेयर करें :