राजनांदगांव। विकासखंड के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सुकुलदैहान में जिला प्रशासन और बाल्को मेडिकल सेंटर नवा रायपुर के संयुक्त तत्वावधान में ‘सुरक्षा चक्र’ अभियान के अंतर्गत नि:शुल्क कैंसर जांच व परामर्श शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम द्वारा 49 ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण कर जरूरी चिकित्सीय परामर्श दिया गया।
मुख, स्तन व गर्भाशय कैंसर की हुई जांच
शिविर में पहुंचे मरीजों में 40 वर्ष से अधिक आयु के 31 तथा 40 से कम आयु के 18 लोग शामिल रहे। शरीर में असामान्य लक्षण, गांठ या असाध्य शिकायत वाले मरीजों की बारीकी से जांच की गई। इस दौरान 19 मरीजों का मैमोग्राफी, 14 का पैप स्मीयर परीक्षण, 4 का लो डेंसिटी ब्रेस्ट जांच तथा 2 मरीजों में ‘ब्रेस्ट लंप’ की आशंका पर विशेष परीक्षण किया गया।
वरिष्ठ अधिकारियों और डॉक्टरों ने दी सेवाएं
शिविर में बाल्को के विशेषज्ञ डॉ. राजेंद्र प्रसाद पटेल एवं शिविर प्रबंधक विजेंद्र साहू ने अपनी सेवाएं दीं। आयोजन के दौरान संयुक्त कलेक्टर श्रीमती शीतल बंसल, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) डॉ. नेतराम नवरतन, जिला कार्यक्रम प्रबंधक संदीप ताम्रकार, बीएमओ डॉ. उषा विंध्यराज तथा पीएचसी प्रभारी डॉ. आनंद बंसोड़ सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

