खैरागढ़। विशेष पिछड़ी जनजाति (पीव्हीटीजी) बैगा समुदाय को बेहतर एवं सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने तथा समुदाय में बीमारी की रोकथाम एवं स्वास्थ्य जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जिले में ‘आदि अमितान’ पीएम जनमन यूनिवर्सल हेल्थ स्क्रीनिंग अभियान का प्रभावी रूप से संचालन किया जा रहा है।
कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत प्रेम कुमार पटेल के निर्देशन तथा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आशीष शर्मा के मार्गदर्शन में छुईखदान विकासखंड में अभियान के अंतर्गत पीव्हीटीजी बैगा समुदाय तक स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। छुईखदान विकासखंड में अभियान के नोडल अधिकारी डॉ. मनीष बघेल के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा दूरस्थ बैगा बसाहटों में स्वास्थ्य जांच, उपचार, स्वास्थ्य शिक्षा एवं रोगों की रोकथाम से संबंधित गतिविधियां की जा रही हैं।
इसी क्रम में 08 अगस्त 2026 को बहुद्देशीय केंद्र वाले ग्राम तुमडादाह, परसाही एवं दल्ली बैगा बसाहट में निवासरत कुल 62 बैगा परिवारों को मलेरिया से बचाव के लिए मच्छरदानियों के वितरण की शुरुआत की गई। मच्छरदानी वितरण का उद्देश्य बैगा समुदाय को मच्छरजनित रोगों, विशेष रूप से मलेरिया से सुरक्षित रखना तथा घर-घर मच्छरदानी के नियमित उपयोग को बढ़ावा देना है।
मलेरिया से बचाव के लिए दी गई स्वास्थ्य शिक्षा
मच्छरदानी वितरण के साथ ही स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा ग्रामीणों को मलेरिया के लक्षण, संक्रमण का माध्यम, बचाव के उपाय एवं समय पर जांच और उपचार के महत्व के संबंध में जानकारी दी गई। ग्रामीणों को समझाया गया कि मलेरिया से बचाव के लिए रात में सोते समय मच्छरदानी का नियमित उपयोग करना, घर के आसपास पानी जमा नहीं होने देना तथा मच्छरों के प्रजनन स्थलों को समाप्त करना आवश्यक है।
ग्रामीणों को यह भी बताया गया कि बुखार, ठंड लगना, कंपकंपी, सिरदर्द, शरीर में दर्द एवं कमजोरी जैसे लक्षण होने पर स्वयं दवा लेने के बजाय तत्काल निकटतम स्वास्थ्य केंद्र में मलेरिया की जांच कराएं। समय पर जांच एवं उपचार से मलेरिया की गंभीर जटिलताओं से बचाव किया जा सकता है।
पीव्हीटीजी समुदाय तक पहुंच रही स्वास्थ्य सेवाएं
‘आदि अमितान’ अभियान के माध्यम से जिले के दूरस्थ एवं विशेष पिछड़ी जनजाति क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को समुदाय के निकट पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। अभियान के अंतर्गत स्वास्थ्य विभाग द्वारा मलेरिया, टीबी, कुष्ठ सिकल सेल, एनीमिया, उच्च रक्तचाप, मधुमेह, नेत्र रोग तथा महिलाओं में स्तन एवं गर्भाशय ग्रीवा कैंसर सहित विभिन्न स्वास्थ्य समस्याओं की स्क्रीनिंग के साथ आवश्यकतानुसार उपचार एवं उच्च स्वास्थ्य संस्थानों में रेफरल की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जा रही है।
मच्छरदानी वितरण जैसी गतिविधियों के माध्यम से केवल बीमारी का उपचार ही नहीं, बल्कि रोगों की रोकथाम एवं समुदाय की स्वास्थ्य सुरक्षा को प्राथमिकता दी जा रही है। इससे पीव्हीटीजी बैगा समुदाय में मलेरिया नियंत्रण एवं स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूकता को और मजबूत करने में मदद मिलेगी।
कार्यक्रम में डॉ. प्रकाश वर्मा, चिकित्सा अधिकारीय बृजेश ताम्रकार, बीपीएमय विवेक मेश्राम, मलेरिया निरीक्षकय अमीलाल, पर्यवेक्षकय वासुदेव, आरएचओय कु. तेजेश्वनी, सीएचओ एवं धनसिंह उइके उपस्थित रहे।
जिला स्वास्थ्य विभाग द्वारा ‘आदि अमितान’ अभियान के माध्यम से पीव्हीटीजी बैगा समुदाय को सुलभ, समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ बीमारी की रोकथाम और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।

