जिला एचआईवी एड्स नियंत्रण समिति की समीक्षा बैठक : एचआईवी पॉजिटिव मरीजों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने और फॉलोअप के निर्देश

अपने दोस्तों को शेयर करें :

राजनांदगांव। शासकीय महिला बहुद्देशीय प्रशिक्षण केंद्र (गौरव पथ) में छत्तीसगढ़ राज्य एड्स नियंत्रण समिति की संयुक्त निदेशक डॉ. भाग्यश्री वर्मा की उपस्थिति में जिला एचआईवी एड्स नियंत्रण समिति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में एड्स नियंत्रण के लिए चलाए जा रहे अभियानों की प्रगति का लेखा-जोखा लिया गया और जन-जागरूकता बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया।

ऑनलाइन एंट्री समय पर पूरी करने के निर्देश

बैठक के दौरान संयुक्त निदेशक डॉ. भाग्यश्री वर्मा ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि एचआईवी एड्स से पीड़ित मरीजों को शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्राथमिकता से दिलाया जाए। इसके साथ ही कार्यक्रम से जुड़ी सभी आवश्यक ऑनलाइन एंट्री और डेटा अपडेट करने का कार्य समय-सीमा के भीतर पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।

ज्यादा से ज्यादा जांच और नियमित फॉलोअप पर जोर

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) डॉ. नेतराम नवरतन ने कहा कि जिले में एचआईवी पॉजिटिव व्यक्तियों की पहचान के लिए जांच का दायरा बढ़ाया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि पहचान में आए मरीजों को बिना विलंब एआरटी (एंटीरेट्रोवायरल थेरेपी) उपचार से जोड़ा जाए। साथ ही उपचाररत मरीजों का वायरल लोड कम (सप्रेशन) करने के लिए उनका नियमित फॉलोअप और सतत निगरानी सुनिश्चित की जाए।

बैठक में ये रहे मौजूद

बैठक में दिशा टीम के सदस्य आदित्य शुक्ला, डॉ. जयंती वर्मा, डॉ. विकास सोनी व अंगेश्वर कुमार, जिला नोडल अधिकारी डॉ. अल्पना लुनिया, जिला कार्यक्रम प्रबंधक संदीप ताम्रकार सहित एआरटी, सुरक्षा क्लीनिक, आईसीटीसी परामर्शदाता, एआरटी स्टाफ नर्स और एड्स नियंत्रण कार्यक्रम से संबद्ध एनजीओ के प्रतिनिधि उपस्थित थे।

अपने दोस्तों को शेयर करें :