राजनांदगांव। बैंक ऑफ बड़ौदा के 119वें स्थापना दिवस के अवसर पर बड़ौदा ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी) राजनांदगांव परिसर में पर्यावरण संरक्षण एवं संवर्धन के उद्देश्य से पौधरोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान बैंक प्रबंधन व संकाय सदस्यों ने पौधे रोपकर पर्यावरण को हरा-भरा बनाए रखने का संकल्प लिया।
पौधरोपण कर देखभाल का लिया संकल्प
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित लीड डिस्ट्रिक्ट मैनेजर (एलडीएम) मुनीश शर्मा ने पौधरोपण कर आमजन को पर्यावरण सहेजने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि वृक्ष प्रकृति का अमूल्य उपहार हैं। प्रत्येक व्यक्ति को जीवन में अधिक से अधिक पौधे लगाने चाहिए और उनकी सुरक्षा का जिम्मा भी उठाना चाहिए। बैंक ऑफ बड़ौदा अपने सामाजिक सरोकारों का निर्वहन करते हुए लगातार ऐसे आयोजन कर रहा है।
सुरक्षित भविष्य के लिए जरूरी है हरियाली: निदेशक
आरसेटी के निदेशक अमित मिश्रा ने स्थापना दिवस की बधाई देते हुए कहा कि पौधरोपण महज एक औपचारिकता नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण देने की दिशा में एक जरूरी कदम है।
प्रशिक्षार्थियों ने दिखाई सहभागिता
आयोजन में आरसेटी के संकाय सदस्य ऋषभ मिश्रा, प्रेम साहू, सहायक दीपक साहू व इंद्रेश ठाकुर समेत हाउस वायरिंग (इलेक्ट्रिशियन) बैच के प्रशिक्षार्थियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। सभी ने पौधे रोपकर उनकी नियमित देखभाल करने की शपथ ली।

