कलेक्टर की समय-सीमा बैठक : जांच में लापरवाही पर जिला अस्पताल में FIR, योजनाओं में तेजी लाने के निर्देश

अपने दोस्तों को शेयर करें :

राजनांदगांव। कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में मंगलवार को आयोजित साप्ताहिक समय-सीमा बैठक में कलेक्टर जितेंद्र यादव ने जिले में संचालित विकास कार्यों और शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं की गहन समीक्षा की। बैठक में सख्त रुख अपनाते हुए कलेक्टर के निर्देश पर जिला चिकित्सालय में मरीज की जांच में लापरवाही बरतने पर संबंधित के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई। उन्होंने स्पष्ट किया कि शासकीय कार्यों और जनस्वास्थ्य से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

मौसमी बीमारियों से बचाव और शिकायतों का त्वरित निराकरण

बारिश के मौसम के मद्देनजर कलेक्टर ने सभी स्वास्थ्य केंद्रों में पर्याप्त दवाइयों की उपलब्धता और आवश्यक चिकित्सा इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके अलावा, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन (1076), जनदर्शन, पीजी पोर्टल व अन्य लंबित आवेदनों की विभागवार समीक्षा करते हुए उन्होंने अधिकारियों को समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निराकरण करने तथा स्कूलों में विद्यार्थियों के आधार सत्यापन का कार्य प्राथमिकता से पूर्ण करने के आदेश दिए।

किसानों में बढ़ा संतुलित उर्वरक का प्रयोग, एग्रीस्टैक में 1.47 लाख पंजीयन

कृषि विभाग की समीक्षा के दौरान बताया गया कि इस खरीफ सीजन में किसानों ने डीएपी के बजाय एनपीके उर्वरक को अधिक प्राथमिकता दी है, जो संतुलित खाद उपयोग के प्रति बढ़ती जागरूकता को दर्शाता है। कलेक्टर ने शेष किसानों का एग्रीस्टैक पंजीयन जल्द पूरा करने के निर्देश दिए, ताकि उन्हें विशिष्ट किसान आईडी का लाभ मिल सके। जिले में अब तक 1,47,036 किसानों का एग्रीस्टैक पंजीयन हो चुका है।

एचपीवी टीकाकरण व अन्य योजनाओं की स्थिति

सर्वाइकल कैंसर से बचाव: जिले में अब तक 6,508 किशोरी बालिकाओं का एचपीवी टीकाकरण किया जा चुका है। कलेक्टर ने स्कूलवार रोस्टर बनाकर अभियान में तेजी लाने और जागरूकता बढ़ाने के निर्देश दिए।

पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना: जिले में अब तक 4,164 हितग्राहियों के यहां सोलर पैनल स्थापित किए जा चुके हैं।

पीएम स्वनिधि योजना: शहरी क्षेत्र के पथ विक्रेताओं को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। अब तक 4,647 हितग्राहियों को ऋण वितरित किया जा चुका है।

बैठक में जिला पंचायत सीईओ दुर्गा प्रसाद अधिकारी, अपर कलेक्टर सी.एल. मारकंडेय, अपर कलेक्टर प्रेमप्रकाश शर्मा सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।

अपने दोस्तों को शेयर करें :