जिले में खाद-बीज का पर्याप्त भंडारण, किसानों को लगातार किया जा रहा वितरण

अपने दोस्तों को शेयर करें :

राजनांदगांव। खरीफ सीजन 2026 के दौरान जिले में किसानों को खाद और बीज की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन ने पर्याप्त भंडारण किया है। कलेक्टर जितेन्द्र यादव के निर्देश पर कृषि विभाग किसानों तक समय पर खाद-बीज पहुंचाने में जुटा है। अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि किसी भी किसान को खाद या बीज की कमी का सामना न करना पड़े।

कृषि विभाग के अनुसार खरीफ 2026 के लिए 14,331 क्विंटल बीज की मांग के मुकाबले 14,686 क्विंटल बीज का भंडारण किया गया है। इनमें से अब तक 13,700.82 क्विंटल बीज सहकारी समितियों एवं कृषि विभाग के माध्यम से किसानों को वितरित किए जा चुके हैं। बीज भंडारण लक्ष्य का 102 प्रतिशत, जबकि वितरण 93 प्रतिशत तक पहुंच गया है।

जिले में अब तक 1,12,884.92 हेक्टेयर क्षेत्र में खरीफ फसलों की बुवाई पूरी हो चुकी है। इसमें धान की बुवाई एवं रोपाई 1,11,339 हेक्टेयर रकबे में संपन्न हो चुकी है।

खरीफ फसलों के लिए रासायनिक उर्वरकों की उपलब्धता के तहत सहकारी क्षेत्र में 45,650 मीट्रिक टन तथा निजी क्षेत्र में 23,310 मीट्रिक टन उर्वरक उपलब्ध कराने का लक्ष्य निर्धारित किया गया था। इसके विरुद्ध सहकारी समितियों में 45,144 मीट्रिक टन और निजी क्षेत्र में 18,589 मीट्रिक टन उर्वरकों का भंडारण किया जा चुका है, जो निर्धारित लक्ष्य का लगभग 92 प्रतिशत है।

कृषि विभाग के अनुसार अब तक किसानों को 23,561 मीट्रिक टन यूरिया, 8,570 मीट्रिक टन एसएसपी, 3,259 मीट्रिक टन एमओपी, 4,704 मीट्रिक टन डीएपी तथा 11,443 मीट्रिक टन एनपीके का वितरण किया जा चुका है। यह कुल उपलब्ध भंडारण का लगभग 80 प्रतिशत है।

उप संचालक कृषि टीकम सिंह ठाकुर ने सभी सहकारी समितियों और निजी उर्वरक विक्रेताओं से किसानों को समय पर खाद-बीज उपलब्ध कराने तथा वितरण व्यवस्था सुचारु बनाए रखने की अपील की है।

अपने दोस्तों को शेयर करें :
error: Content is protected !!