जैनम ने जनसंपर्क कर वार्डवासियों की समस्याएं सुनीं, मौके पर दिए हुआ समाधान

अपने दोस्तों को शेयर करें :

राजनांदगांव। महावीर वार्ड के पार्षद जैनम बैद ने सोमवार को वार्ड के विभिन्न मोहल्लों में व्यापक जनसंपर्क कर रहवासियों से मुलाकात की तथा उनकी समस्याओं से रूबरू हुए। जनसंपर्क के दौरान पेयजल, स्वच्छता, पेंशन एवं राशनकार्ड सहित विभिन्न जनसमस्याओं के निराकरण के लिए आवश्यक पहल की गई।

जनसंपर्क के दौरान वार्डवासियों ने कई स्थानों पर गंदे पानी की आपूर्ति की शिकायत की। पार्षद जैनम ने मौके से ही संबंधित अधिकारियों से चर्चा कर समस्या के शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए तथा नियमित रूप से स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने पर जोर दिया।

पार्षद बैद ने निराश्रित पेंशन प्राप्त करने वाले हितग्राहियों के घर पहुंचकर उनकी समस्याएं भी सुनीं। उन्होंने पेंशन की निकासी सहित अन्य प्रशासनिक दिक्कतों के समाधान के लिए संबंधित विभाग से आवश्यक समन्वय करने का भरोसा दिलाया।

इस दौरान वार्ड के 10 पात्र हितग्राहियों के नए राशनकार्ड बनवाने के लिए आवेदन प्रक्रिया भी पूर्ण कराई गई, ताकि उन्हें जल्द से जल्द शासन की खाद्य सुरक्षा योजना का लाभ मिल सके।

स्वच्छता व्यवस्था का निरीक्षण करते हुए पार्षद बैद ने गंदगी की शिकायत वाले स्थानों पर तत्काल सफाई कराने के लिए कहा। साथ ही वार्डवासियों से स्वच्छ एवं सुंदर वार्ड के निर्माण के लिए सुझाव भी लिए और जनभागीदारी से स्वच्छता अभियान को मजबूत बनाने की अपील की।

पार्षद जैनम बैद ने बताया कि वार्डवासियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए गंज चौक स्थित पार्षद कार्यालय में प्रत्येक मंगलवार एवं शुक्रवार सुबह 9 से 11 बजे तक पटवारी की बैठक आयोजित की जा रही है। इससे राजस्व अभिलेख, कर संबंधी कार्यों सहित अन्य राजस्व सेवाओं के लिए नागरिकों को अनावश्यक भटकना नहीं पड़ेगा।

उन्होंने कहा कि वार्ड की प्रत्येक समस्या का त्वरित समाधान उनकी प्राथमिकता है। जनसंपर्क अभियान आगे भी नियमित रूप से जारी रहेगा, ताकि प्रत्येक नागरिक तक पहुंचकर उनकी समस्याओं का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जा सके।

अपने दोस्तों को शेयर करें :