राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ शासन के नगरीय प्रशासन विभाग द्वारा नगर पालिक निगम राजनांदगांव के लिए मनोनीत आठ नामांकित पार्षदों (ऐल्डरमेन) का मंगलवार को निगम सभागृह में भव्य स्वागत किया गया। महापौर श्री मधुसूदन यादव की अध्यक्षता में आयोजित इस गरिमामयी समारोह में नवनियुक्त पार्षदों को निगम परिवार का हिस्सा बनाते हुए उनका अभिनंदन किया गया।
इस अवसर पर महापौर श्री मधुसूदन यादव ने मनोनीत पार्षदों का स्वागत करते हुए कहा, “निगम एक ऐसा परिवार है जहां पार्षद, अधिकारी और कर्मचारी मिलकर सुबह से रात तक शहर की जनता के लिए काम करते हैं। नगरीय निकाय का मुख्य काम आमजन को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना और उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान करना है। अब हमारे इस परिवार में आठ नए सदस्य जुड़े हैं, जिन्हें सरकार ने बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। शहर के समग्र विकास में आप सभी के सुझाव और मार्गदर्शन अहम होंगे, जिन पर हम सब मिलकर काम करेंगे।”
पुष्पगुच्छ भेंट कर किया गया अभिनंदन
शासन द्वारा मनोनीत किए गए नामांकित पार्षद सर्वश्री नागेश यदु, श्रीमती करुणा राजपूत, हर्ष रामटेके, सूर्यकांत श्रीवास, श्रीमती मंजू यादव, भीषम देवांगन, श्रीमती कृति बोरकर एवं देवाशिष झा का महापौर श्री यादव, निगम आयुक्त श्री अतुल विश्वकर्मा, निगम अध्यक्ष श्री टोपेन्द्र सिंह पारस वर्मा तथा नेता प्रतिपक्ष श्री संतोष पिल्ले ने पुष्पगुच्छ भेंट कर आत्मीय स्वागत किया।
विकास कार्यों को मिलेगी नई गति: अध्यक्ष व नेता प्रतिपक्ष
निगम अध्यक्ष श्री वर्मा ने कहा कि नई ऊर्जा के साथ हमें शहर विकास के लिए जुटना है, जिससे शहर में नगर निगम की एक सकारात्मक छवि बने।
नेता प्रतिपक्ष श्री पिल्ले ने नवनियुक्त पार्षदों को बधाई देते हुए कहा कि नामांकित पार्षदों की नियुक्ति से हमारे निगम परिवार का दायरा बढ़ा है। शहर के विकास के लिए हम सबको एकजुट होकर काम करना होगा।
निगम आयुक्त श्री विश्वकर्मा ने सभी का स्वागत करते हुए कहा कि अब हमारे परिवार में महापौर सहित कुल 60 निगम पदाधिकारी हो गए हैं। इस नई टीम के आने से विकास कार्यों को गति मिलेगी। उन्होंने सभी नवनियुक्त ऐल्डरमेनों से शहर विकास में रचनात्मक सहयोग की अपेक्षा जताई।
पद्म विभूषण स्व. तीजन बाई को दी गई मौन श्रद्धांजलि
कार्यक्रम के समापन पर छत्तीसगढ़ की माटी की गौरव और देश-विदेश में पंडवानी कला के माध्यम से महाभारत की कथा को जीवंत करने वाली पद्म विभूषण से सम्मानित दिवंगत पंडवानी गायिका स्व. श्रीमती तीजन बाई को याद किया गया। छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक पहचान वैश्विक स्तर पर स्थापित करने के लिए उनके अमूल्य योगदान को नमन करते हुए दो मिनट का मौन रखकर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
ये रहे उपस्थित:
स्वागत समारोह का सफल संचालन लोक निर्माण विभाग के प्रभारी सदस्य श्री सावन वर्मा ने किया। इस दौरान पूर्व नेता प्रतिपक्ष श्री किशुन यदु, वरिष्ठ सभापति श्रीमती खेमिन बाई यादव, कनिष्ठ सभापति श्री संदीप बघेल सहित महापौर परिषद (एमआईसी) के प्रभारी सदस्यगण, पार्षदगण एवं निगम के सभी विभागीय अधिकारी व कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित थे।

