बल्देवबाग में आंगनबाड़ी भवन और 18 एकड़ में सामुदायिक भवन का लोकार्पण, दो विकास कार्यों का भूमिपूजन

अपने दोस्तों को शेयर करें :

राजनांदगांव। शहर के वार्डों में विकास कार्यों की कड़ी को आगे बढ़ाते हुए महापौर मधुसूदन यादव ने शुक्रवार को वार्ड क्रमांक 15 बल्देवबाग में नवनिर्मित आंगनबाड़ी भवन तथा वार्ड क्रमांक 19 के 18 एकड़ क्षेत्र में सामुदायिक भवन का लोकार्पण किया। इसके साथ ही इंडस्ट्रियल एरिया में सीमेंटीकरण और पूनम कॉलोनी में नाली निर्माण कार्य का भूमिपूजन भी किया गया।

वार्ड क्रमांक 15 में महिला एवं बाल विकास परियोजना के तहत 12 लाख रुपये की लागत से आंगनबाड़ी केंद्र क्रमांक-1 का निर्माण कराया गया है। वहीं वार्ड क्रमांक 19 के 18 एकड़ स्थित शिव मंदिर के पास अधोसंरचना मद से 10 लाख रुपये की लागत से सामुदायिक भवन तैयार किया गया है। इसके अलावा इंडस्ट्रियल एरिया में 10 लाख रुपये की लागत से सीमेंटीकरण तथा पूनम कॉलोनी में 10 लाख रुपये की लागत से नाली निर्माण कार्य की शुरुआत की गई।

लोकार्पण के बाद महापौर ने आंगनबाड़ी में नवजात बच्चों का अन्नप्राशन कराकर उन्हें मिठाई खिलाई। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि पहले आंगनबाड़ी किराए के भवन में संचालित होती थी, लेकिन अब बच्चों को स्वयं के भवन में बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी बच्चों की प्रारंभिक शिक्षा के साथ-साथ गर्भवती महिलाओं एवं नवजात शिशुओं तक शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम है।

महापौर ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह एवं सांसद संतोष पांडेय की अनुशंसा पर वार्डों में विकास कार्यों को प्राथमिकता के साथ कराया जा रहा है। आने वाले समय में भी नागरिक सुविधाओं के विस्तार के लिए ऐसे कार्य लगातार किए जाएंगे।

कार्यक्रम में निगम अध्यक्ष टोपेंद्र सिंह पारस वर्मा, सांसद प्रतिनिधि देवशरण सेन, लोक निर्माण विभाग के प्रभारी सदस्य सावन वर्मा, पुनर्वास एवं नियोजन विभाग के प्रभारी सदस्य डीलेश्वर साहू, पूर्व नेता प्रतिपक्ष किशुन यदु, पार्षद प्रमोद झंझाडे, रेखा पारख, समाजसेवी सुमित भाटिया, नामांकित पार्षद सूर्यकांत श्रीवास, पूर्व पार्षद शरद सिन्हा, पार्षद प्रतिनिधि अभय पारख, नादान सेन सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, वार्डवासी एवं निगम अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

अपने दोस्तों को शेयर करें :